आजमगढ़: SBI की पहल से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रैदोपुर में स्मार्ट क्लास का लोकार्पण, डीएम रविन्द्र कुमार ने किया उद्घाटन
आजमगढ़। शिक्षा में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने की दिशा में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रैदोपुर में स्मार्ट क्लास का लोकार्पण जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्मार्ट क्लास का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए कि इसका लाभ केवल सीमित कक्षाओं तक न रहे, बल्कि कक्षा 1 से 12 तक के सभी छात्र-छात्राओं को मिले। इसके लिए उन्होंने दिनवार एवं कक्षावार समय-सारिणी तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण का समान रूप से लाभ उठा सके।
डीएम रविन्द्र कुमार ने कहा कि डिजिटल शिक्षा वर्तमान समय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण अधिगम का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। स्मार्ट क्लास के माध्यम से छात्राएं विषयों को अधिक रोचक, प्रभावी और सरल तरीके से समझ सकेंगी, जिससे उनकी सीखने की क्षमता में भी वृद्धि होगी। उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक के इस सहयोग को सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) की सराहनीय पहल बताया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रूबी खातून ने जानकारी दी कि यह विद्यालय का छठा स्मार्ट क्लास है और भविष्य में कुल 12 स्मार्ट क्लास स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे कक्षा 1 से 12 तक की सभी छात्राओं को डिजिटल शिक्षा की सुविधा उपलब्ध हो सके।
कार्यक्रम में SBI के महाप्रबंधक नेटवर्क-3 कौशलेन्द्र कुमार, उप महाप्रबंधक वाराणसी अंचल आनन्द कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक पंचम आजमगढ़ अजीत कुमार तिवारी, विद्यालय के शिक्षकगण, छात्राएं एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






















































Leave a comment