हड्डी अस्पताल में युवक की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप
आजमगढ़। शहर के चर्चित निजी चिकित्सा संस्थानों में शामिल विजय सुपर स्पेशलिस्ट हड्डी अस्पताल, लछिरामपुर में बुधवार को एक युवक की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। मृतक के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
जानकारी के अनुसार गोलू यादव (22) पुत्र रामसमुझ यादव, निवासी पाउस गांव, थाना दोहरीघाट, जनपद मऊ, बुधवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर किलोमीटर संख्या 301 के पास ट्रक के पहिए से गिट्टी निकाल रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल युवक को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए लछिरामपुर स्थित विजय सुपर स्पेशलिस्ट हड्डी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. मनीष त्रिपाठी और उनकी टीम द्वारा उसका उपचार शुरू किया गया।
परिजनों का आरोप है कि सुबह से उपचार चल रहा था और लगभग 10 बजे तक मरीज की स्थिति सामान्य बताई जा रही थी। उनका कहना है कि दोपहर करीब ढाई बजे अस्पताल स्टाफ ने खून की कमी होने की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार के लोग रक्त की व्यवस्था में जुट गए। परिजनों के अनुसार कुछ ही देर बाद उन्हें युवक की मौत की सूचना दे दी गई।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि उपचार के नाम पर डेढ़ लाख रुपये से अधिक जमा कराने के बावजूद मरीज को समुचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिली। उनका यह भी आरोप है कि युवक की मौत होने के काफी समय बाद उन्हें इसकी जानकारी दी गई। परिजनों ने यह भी दावा किया कि विरोध करने पर अस्पताल के कुछ कर्मचारियों ने उन्हें यह कहते हुए धमकाया कि "जो जांच करानी है, करा लो।"
युवक की मौत की सूचना फैलते ही अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं अस्पताल प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीनों में भी इस अस्पताल को लेकर विभिन्न प्रकार के आरोप सामने आते रहे हैं और कुछ मामले सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने थे। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।






















































Leave a comment