बिलरियागंज में चक्रवाती तूफान का कहर, पेड़ गिरे, पोल टूटे, दीवार ढही
बिलरियागंज (आजमगढ़)। स्थानीय विकासखंड क्षेत्र में बुधवार दोपहर अचानक आए चक्रवाती तूफान और तेज बारिश ने भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के कारण क्षेत्र में कई पेड़ धराशायी हो गए, विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गए, एक मकान की दीवार गिर गई तथा खेत बारिश के पानी से जलमग्न हो गए।
जानकारी के अनुसार बिलरियागंज-आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर सियरहा गांव के समीप एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर जाने से आवागमन लगभग एक घंटे तक बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए पेड़ की डालियों को कटवाकर हटाया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था पुनः सुचारू हो सकी।
वहीं बिलरियागंज के चांदपुर गांव के पास खेत में स्थापित हाईमास्ट लाइट तेज आंधी और बारिश की वजह से खंभे सहित उखड़कर जमीन पर गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इसी दौरान चांदपुर निवासी अमित राय पुत्र स्वर्गीय चंद्रशेखर राय की गौशाला की दीवार भी तेज हवाओं और बारिश के चलते भरभराकर गिर गई। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तूफान के दौरान हवा का दबाव इतना अधिक था कि लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। कई स्थानों पर पेड़ गिरने और जलभराव की स्थिति बनने से जनजीवन प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर प्रभावित लोगों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।






















































Leave a comment