Latest News / ताज़ातरीन खबरें

ईवीएम मशीनों के रख रखाव को लेकर जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण


आजमगढ़ 18 फरवरी-- जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने ईवीएम मशीनों के रखने के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम एवं काउंटिंग स्थल चकवाल स्थित एफसीआई गोदाम का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि हर हाल में गोदाम को 24 घंटे के अंदर खाली करके चुनाव से संबंधित तैयारियों को पूर्ण किया जाए। उन्होंने अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिया कि सभी आवश्यक सामानों को आज रात में मंगा लिया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करते हुए एक टेबल पर केवल 04 लोगों के बैठने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि काउंटिंग टेबल सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहेंगे, इसलिए कैमरा की सेटिंग उचित स्थानों पर की जाए। उन्होंने कहा कि काउंटिंग टेबल एल आकार में बनाया जाएगा तथा कम से कम 10 फुट ऊंची जाली लगाकर सुरक्षित किया जाए। उन्होंने कहा कि काउंटिंग रूम एवं स्ट्रांग रूम में आने जाने के लिए बनाई गई सीढ़ी को और अधिक चौड़ी की जाए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिया कि प्रकाश के लिए उचित व्यवस्था बनाई जाए। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत राज अधिकारी सफाई व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकतानुसार सफाई कर्मियों की तैनाती करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने बीएसएनएल के अधिकारी को निर्देश दिया कि यहां कम से कम 10 हजार व्यक्तियों के हिसाब से नेटवर्क उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दशा में 28 फरवरी तक फोन, फैक्स एवं इंटरनेट की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य राजस्व अधिकारी जेपी सिंह, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 आजाद भगत सिंह, डीपीआरओ लालजी दुबे, एक्सीयन पीडब्ल्यूडी, विद्युत एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

-----जि0सू0का0-आजमगढ़-18.02.2022-------


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh