2 अक्टूबर महात्मा गाँधी जी की जयंती के दिन सभी स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी का कार्यक्रम आयोजित करना जरूरी : जिलाधिकारी आजमगढ़
आजमगढ़ जिलाधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता मे आज कलेक्ट्रेट सभागार मे 02 अक्टूबर 2021 को राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी जी की जयंती मनाये जाने के सम्बन्ध मे जनपद स्तरीय अधिकारियो एवं संस्थाओं के प्रमुखों के साथ बैठक आयोजित की गई l
जिलाधिकारी ने कहा कि 02 अक्टूबर महात्मा गाँधी जी की जयंती के दिन प्रातः 6:00 बजे से सभी स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी का कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा । इस कार्यक्रम को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक अपने निर्देशन में संचालित करायंगें । इसके अतिरिक्त सभी स्कूलो मे स्वछता का कार्यक्रम किया जायेगाl प्रातः 6:00 बजे से 8:00 बजे तक जनपद स्तरीय पुरूष/महिला दौड़ का आयोजन किया जायेगा, जिसमें 100 मीटर, 400 मीटर व 1500 मीटर रेस को सम्मिलित किया गया है। उक्त कार्यक्रम सुखदेव पहलवान स्टेडियम में होगा । इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु डीओ पीआरडी/पुलिस अधीक्षक प्रचार प्रसार एवं सुरक्षा व्यवस्था प्रदान करेंगे। अधिशासी अधिकारी नगरपालिका परिषद आजमगढ़ द्वारा पानीयुक्त टैंकर की उपलब्धता सुनिश्चित की जायेगी। इस कार्यक्रम को जिला युवा कल्याण अधिकारी/क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अपने संचालन में करायेंगें। प्रतियोगिता में जीतने वाली टीम को पुरस्कार जिला क्रीड़ा अधिकारी द्वारा वितरित किया जायेगा। प्रातः 8:00 बजे सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा तथा उसके तुरन्त बाद समी कार्यालयों / विद्यालयों और दूसरी संस्थाओं में किसी बड़े कक्ष या हॉल में किसी वरिष्ठ अधिकारी, प्रधानाचार्य या अध्यक्ष द्वारा महात्मा गाँधी जी के बड़े चित्र का अनावरण व माल्यार्पण किया जायेगा तथा गाँधीजी के जीवन संघर्ष, उनकी देश सेवा एवं उनके जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला जायेगा । विशेष रूप से निर्बलों के कल्याण संबंधी अंत्योदय की उनकी अवधारणा, भावनात्मक एकता, राष्ट्रीय एकता व अखण्डता के संबंध में उनके विचारों को संक्षेप में परिचय दिया जायेगा। इस कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को भी आमंत्रित किया जायेगा। प्रातः 9:00 बजे से 10:00 बजे तक नगर पालिका आजमगढ़ व मुबारकपुर एवं समस्त नगर पंचायतों के किसी मलिन बस्ती की सफाई आदि का आयोजन किया जायगा । यह आयोजन अधिशाषी अधिकारी नगरपालिका परिषद आजमगढ़ व मुबारकपुर करेंगें । अधिशाषी अधिकारी नगरपालिका मलिन बस्तियों का चयन सुनिश्चित करेंगे तथा मलिन बस्तियों के चयन के समय यह भी ध्यान रखा जाय कि गत वर्ष चयनित मलिन बस्ती से भिन्न हो । इसी प्रकार सभी नगर पंचायतों में सम्बन्धित अधिशासी अधिकारियों द्वारा मलिन बस्तियों में सफाई कार्य सुनिश्चित किया जाय, तथा डीपीआरओ द्वारा सफाई कर्मियों के माध्यम से गांवो में सफाई कार्य सुनिश्चित किया जाये, जिनकी सेवा उत्कृष्ठ हो उन्हें विभाग की तरफ से सम्मानित किया जाय ।
10:30 बजे से 12:30 बजे तक सभी स्कूलों कॉलेजों में गाँधीवादी जीवन दृष्टि का प्रचार प्रसार, गाँधी जी के जीवन के विभिन्न पहलुओं विद्यार्थियों की वाद-विवाद प्रतियोगिता, गोष्ठी एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाय, जिसमें जातिगत भेदभाव से दूर रहकर समाज में समरसता लाने, सादा जीवन उच्च विचार, मितव्ययिता, नैतिकता, भाईचारा, राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा करने तथा महिलाओं की उन्नति के लिए गाँधी जी द्वारा बताये गये मार्ग का अवलम्बन करने एवं महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देने के लिए महिला सशक्तिकरण के उद्देश्यों से जनसामान्य को भिज्ञ कराने हेतु प्रभावी अभियान चलाया जाय। इस कार्यक्रम का संचालन डीआईओएस/समस्त प्रधानाचार्य द्वारा कराया जायेगा तथा प्राथमिक विद्यालयों में वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन बीएसए द्वारा कराया जायेगा।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से यह अपेक्षा की है कि अपनी देख- रेख में बच्चो द्वारा सुविधाजनक उपयुक्त स्थान पर सांस्कृतिक कार्यक्रम सम्मिलित होकर करायें। नगर/जनपद के विद्यालयों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक लोकगीत की प्रतियोगिता आयोजित होगी। सम्पन्न होने वाले कार्यक्रमों की पूर्व सूचना जिलाधिकारी को 01 अक्टूबर 2021 तक अवश्य दे दी जाय।
इसी क्रम मे 3:00 बजे से 5:00 बजे तक साक्षरता, ग्राम पंचायतों की स्वायत्तता, स्वच्छता सादगी आदि की प्रदर्शनी का आयोजन पंचायत राज कार्यालय द्वारा ठंडी सड़क पर किया जायेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि उक्त के अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी आजमगढ़ द्वारा पुरूष अस्पताल, महिला अस्पताल एवं कुष्ठ अस्पताल के मरीजों में फल वितरण का कार्य कराया जायेगा तथा जिला कारागार में बंदियों को जेल अधीक्षक के माध्यम से फल का वितरण कराया जायेगा तथा गांधी जी के जीवन दर्शन पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। जिला कुष्ठ नियंत्रण अधिकारियों द्वारा कुष्ठ रोगियों में निःशुल्क दवा का वितरण कैम्प लगाकर किया जायेगा। अधिशासी अधिकारी नगरपालिका परिषद द्वारा नगर के सभी महापुरूषों के प्रतिमाओं की सफाई एवं माल्यार्पण का कार्यक्रम कराया जायेगा। इसके अतिरिक्त पूरे शहर की व्यापक सफाई, चूना आदि का छिड़काव कराया जायेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि सुखदेव पहलवान स्टेडियम, जहां बच्चों का कार्यक्रम कराया जायेगा, वहाँ पर पानी से भरे एक टैंकर की व्यवस्था की जायेगी। जेल अधीक्षक आजमगढ़ द्वारा गाँधी जंयती समारोह के अवसर पर मण्डलीय कारागार में कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रम कोविड -19 के दृष्टिगत शासन/ जनपद स्तर से जारी निर्देशों के अनुरुप शोसल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करते हुए आयोजित किया जायेगा। "दो गज की दूरी मास्क है जरुरी" l
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी हरिशंकर, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं संस्थाओं के प्रमुख उपस्थित रहेl


























































Leave a comment