Latest News / ताज़ातरीन खबरें

ईद उल अज़हा पर्व को दृष्टिगत रखते हुये पालिका सभासदों एवं अधिकारियों के संग पालिकाध्यक्ष ने की बैठक


●ईद उल अज़हा के अवसर पर पूरे नगर की विशेष सफाई का निर्देश
●नगर वासियों के हितों को दृष्टिगत रखकर कार्य करें कर्मचारी, लापरवाही नहीं होगी क्षम्य-तय्यब पालकी
मऊ : आज पालिकाध्यक्ष ने संचारी रोग, कोविड-19 एवं आगामी ईद उल अज़हा के त्योहार को मद्देनजर रखते हुये पालिका सभासदों एवं अधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक कर नगर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। सफाई को पूर्ण रूप से प्रभावी बनाने और ईद उल अज़हा के अवसर पर नगर क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने हेतु अधिकारियों से सम्बन्धित बिन्दुओं पर विचार विमर्श किया। उक्त बैठक में बकरईद के मौके पर नगर की सफाई, कुर्बानी के आवशेष को दफन करने हेतु नगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर गड्ढा खुदवाने तथा संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत नालियों की सफाई कर दवाओं के छिड़काव कराने पर विस्तृत चर्चा हुयी। इस सम्बन्ध में पालिकाध्यक्ष ने सभी सम्बन्धितों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी है। यह बातें समीक्षा बैठक के उपरान्त पालिकाध्यक्ष मुहम्मद तय्यब पालकी ने कही हैं।
पालिकाध्यक्ष तय्यब पालकी ने बताया कि संचारी रोग एवं ईद उल अज़हा पर्व को दृष्टिगत रखते हुए पूरे नगर में विशेष रूप से सफाई के कड़े निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में कोई भी लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। पालिकाध्यक्ष ने नगर के सभी क्षेत्रों की सफाई सम्बन्धी वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुये अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि ईद उल अज़हा के त्योहार को ध्यान में रखते हुये सभी क्षेत्रों की पूर्ण सफाई सुनिश्चित करायें।
उन्होंने नगरवासियों से अपनी अपील में कहा है कि नगर पालिका के कर्मचारी हर जगह आपकी सेवा में तत्पर रहेंगे, उनके साथ आपका सहयोग अपेक्षित है। उन्होने कहा कि आप शासन के निर्देशों का पालन करते हुए त्योहार मनाये तथा आपसी सौहार्द बनाये रखे, व सभी लोगों की भावनाओं का ख्याल रखें, खूले स्थानों पर कुर्बानी न करें और न ही खुले में मांस ले जाय,ें तथा कुबार्नी के अपशिष्ट को इधर उधर न फेंके बल्कि इसे पालिका द्वारा खुदवाये गये गड्ढो में ही डालें या पालिका की कूड़ा गाड़ी को सौंप दें, ताकि पूरा नगर साफ सुथरा बना रहे। पालिकाध्यक्ष नें स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से अपील किया कि मौसम को देखते हुये कृपया आप ताजा खाना खायें एवं सड़े गले फल व खाद्य पदार्थाें का सेवन न करें। कृपया त्वरित संज्ञान एवं कार्यवाही हेतु आप अपनी शिकायतों एवं सूचनाओं को नगर पालिका के हेल्प डेस्क मे (हेल्प लाइन नम्बर) 9151700777 पर दर्ज करायें। पालिकाध्यक्ष ने पेय जल की सुचारू आपूर्ति हेतु भी सम्बन्धितों को निर्देश दिये। श्री पालकी ने अवाम से अपील की है कि सफाई कर्मचारियों द्वारा कूड़ा उठा लेने के बाद कूड़ा बाहर न निकालें ताकि नगर साफ-सुथरा और वातावरण स्वच्छ बना रहे। इस सम्बन्ध में नगरवासियों का पूर्ण सहयोग अपेक्षित है।
पालिकाध्यक्ष ने सम्बन्धित को निर्देशित करते हुए कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत आप सभी नगर के प्रत्येक नालियों की सफाई कर मैलेथियान, ब्लीचिंग आदि दवाओं का छिड़काव कराना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।
बैठक में पालिका के सभासदगण, अवर अभियंता (सिविल) सी0पी0 दूबे, सफाई निरीक्षक सत्य प्रकाश, नरेन्द्र कुमार, निर्माण लिपिक धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय, राजस्व निरीक्षक आदर्श त्रिपाठी आदि मौजूद थे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh