दिव्यांगों और बुजुर्गों को मुफ्त उपकरण पाने का मौका, 24 व 25 अक्टूबर को लगेगा शिविर
देवरिया। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए 24 और 25 अक्टूबर को रामपुर कारखाना क्षेत्र के विशुनपुर कला स्थित कृषक इंटर कॉलेज में चिन्हांकन एवं पंजीकरण शिविर लगाया जाएगा। विधायक सुरेंद्र चौरसिया के विशेष प्रयास से दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग और भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के सहयोग से आयोजित शिविर में सुबह नौ बजे से कार्य समाप्ति तक पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी ने बताया कि शिविर में वरिष्ठजनों को वॉकर, छड़ी, चश्मा, कुशन और कान की मशीन सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिन्हित किया जाएगा। वहीं, दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, स्मार्ट केन, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, एमआर किट और कृत्रिम हाथ-पैर सहित अन्य उपकरणों के लिए पात्रता के आधार पर पंजीकृत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविर में पंजीकरण के लिए दिव्यांगता प्रमाणपत्र (यूडीआईडी कार्ड), आधार कार्ड, आय प्रमाणपत्र अथवा ग्राम प्रधान द्वारा जारी आय प्रमाणपत्र, फोटो और मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य है। पात्र लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने पात्र दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों से शिविर में पहुंचकर पंजीकरण कराने की अपील की है।


























































Leave a comment