75 साल के रामसुगर को 30 वर्षीय इंस्टाग्राम ब्लॉगर रानी राजपूत से हुआ प्यार, अब शादी की तैयारी
•दो साल की मुलाकातों के बाद परवान चढ़ा प्रेम, ब्यूटी पार्लर में हुई सगाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
औरैया। कहते हैं कि प्यार न उम्र देखता है और न ही फासलों की परवाह करता है। कुछ ऐसी ही कहानी औरैया में इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां 75 वर्षीय रामसुगर का दिल 30 वर्षीय चर्चित इंस्टाग्राम ब्लॉगर रानी राजपूत पर आ गया। उम्र के लंबे फासले के बावजूद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और अब यह रिश्ता शादी के मुकाम तक पहुंचने जा रहा है। दोनों की सगाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस अनोखी प्रेम कहानी को लेकर इलाके में चचार्ओं का बाजार गर्म है। औरैया जिले के सहार ब्लॉक के अरियारी गांव निवासी रामसुगर की जिंदगी में करीब सात साल पहले बड़ा खालीपन आ गया था, जब उनकी पत्नी का निधन हो गया। इसके बाद वह अकेले जीवन बिता रहे थे। इसी बीच उनकी जिंदगी में रानी राजपूत की एंट्री हुई, जो वीडियो बनाने के सिलसिले में उनके घर आया करती थीं। धीरे-धीरे मुलाकातों का सिलसिला बढ़ा और दोनों के बीच नजदीकियां हो गईं। रामसुगर के मुताबिक, रानी का उनके घर पिछले दो वर्षों से लगातार आना-जाना था। उनकी बेटी राधा खुद यूट्यूबर हैं और रानी अक्सर उनके घर वीडियो शूट करने आती थीं। बेटी के साथ वीडियो बनाने के दौरान ही रानी और रामसुगर की मुलाकातें बढ़ीं। समय के साथ यह परिचय प्यार में बदल गया और दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया। इस प्रेम कहानी में नया मोड़ तब आया, जब करीब एक सप्ताह पहले औरैया के एक ब्यूटी पार्लर में दोनों की सगाई हुई। रामसुगर की बेटी राधा ने इसकी जानकारी दी। सगाई का वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड होते ही तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद 75 वर्षीय बुजुर्ग और 30 वर्षीय ब्लॉगर की जोड़ी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई। परिजनों के अनुसार, दोनों जल्द ही पूरे रीति-रिवाज और परंपराओं के साथ विवाह के बंधन में बंधने की तैयारी कर रहे हैं। शादी की रस्मों और तैयारियों को लेकर परिवार में हलचल शुरू हो गई है। उम्र के फासले को पीछे छोड़ साथ निभाने का फैसला करने वाले इस जोड़े की कहानी अब सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय गलियारों तक सुर्खियां बटोर रही है।



























































Leave a comment