डीआरएम की अध्यक्षता में वाराणसी मंडल में माल-भाड़ा ग्राहक बैठक आयोजित
मऊ।वाराणसी। वाराणसी मंडल प्रशासन उद्योग जगत एवं व्यापारियों को बेहतर माल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सक्रिय कदम उठा रहा है। इसी क्रम में आज मंडल कार्यालय के भारतेंदु सभागार में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में व्यापारियों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों के साथ “माल-भाड़ा ग्राहक बैठक” का आयोजन किया गया।
"बीडीयू"- बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट की भूमिका पर जोर:
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) का उद्देश्य रेलवे की आय बढ़ाना, माल लदान को प्रोत्साहित करना और नए व्यावसायिक अवसरों की पहचान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थानीय उद्योगों से निरंतर संपर्क बनाए रखें तथा माल परिवहन सेवाओं को अधिक सुविधाजनक, किफायती और आकर्षक बनाएं। राजस्व अर्जन की दृष्टि से संभावित क्षेत्रों की पहचान कर अधिकाधिक व्यापारियों को रेलवे की ओर आकर्षित करने और समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर जोर दिया गया।
*माल ढुलाई की प्रगति और नई सुविधाएं* :
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुश्री प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि वाराणसी मंडल में वर्तमान में 21 माल गोदाम स्टेशन और 10 पार्सल हैंडलिंग हब हैं। वर्ष 2026-27 में माल ढुलाई बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। पिपराइच, महराजगंज, टेकनीवास, अहिल्यापुर, सिधवलिया और झूंसी में पूर्ण रेक हैंडलिंग साइडिंग सहित नई सुविधाओं का विकास हो रहा है। वही इंदारा, सीवान और कुसुम्ही स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना है।
*व्यापारियों की समस्याएं और समाधान* :
व्यापारियों ने मुख्य रूप से सड़क परिवहन की तुलना, रेल भाड़े में रियायत, बिजली कटौती, सुरक्षा, टर्मिनल डिटेंशन तथा लेबर की कमी जैसे मुद्दे उठाए। मंडल रेल प्रबंधक श्री जैन ने युक्तियुक्त सुझावों पर कार्यवाही और सुरक्षा उपायों के निर्देश दिए। गुड्स शेड में केवल व्यापारियों के ट्रकों के प्रवेश के लिए लोडिंग-अनलोडिंग पर्ची जारी करने का भी निर्देश दिया गया।
मंडल वाणिज्य प्रबंधक आलोक श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि रेलवे सर्वोत्तम लॉजिस्टिक्स समाधान प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।उक्त जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी,वाराणसी ने दी।



























































Leave a comment