कपरवार की विनोवापुरी बस्ती में जलनिकासी की समस्या दूर करने की मांग
देवरिया।बरहज,आजादी के लगभग आठ दशक बाद भी दलित एवं वंचित बस्तियों में बुनियादी नागरिक सुविधाओं का अभाव सामाजिक न्याय और समान विकास के दावों पर सवाल खड़ा कर रहा है। इसी मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय समानता दल, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी एवं स्थानीय ग्रामीणों के नेतृत्व में विकासखंड बरहज की ग्राम पंचायत कपरवार स्थित विनोवापुरी दलित बस्ती में “सविनय निवेदन बैठक एवं ज्ञापन कार्यक्रम” आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन से जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य विकास अधिकारी, देवरिया को नायाब तहसीदार बरहज के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर मांग की कि विनोवापुरी दलित बस्ती में जलनिकासी के लिए पक्के नाले का निर्माण कराया जाए। साथ ही, लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा निर्माणाधीन कपरवार–रुद्रपुर मार्ग पर बस्ती के सामने भी नाला बनवाया जाए, ताकि सड़क निर्माण के बाद जलनिकासी बाधित न हो और ग्रामीणों को जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके।
राष्ट्रीय समानता दल के प्रदेश अध्यक्ष संजयदीप कुशवाहा ने कहा, “आजादी के लगभग 80 वर्ष बाद भी यदि दलित बस्तियों के लोगों को जलनिकासी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए ज्ञापन देना पड़ रहा है, तो यह विकास की प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल है। सड़क निर्माण के साथ जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करना भी जरूरी है। प्रशासन को बस्ती का स्थलीय निरीक्षण कराकर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।”
प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की कि संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी जाए तथा कार्रवाई की जानकारी ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जाए।
कार्यक्रम में विनोद सिंह, राज्य सचिव, खेत मजदूर यूनियन, उत्तर प्रदेश; अरविन्द कुशवाहा, जिला सचिव, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, देवरिया; तथा अभय कुमार, जिला सचिव, राष्ट्रीय समानता दल, देवरिया ने भी बस्ती की समस्याओं के समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि दलित एवं वंचित बस्तियों में सड़क, नाला, स्वच्छ पेयजल और प्रकाश जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। समानता और सामाजिक न्याय तभी सार्थक होंगे, जब विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। कार्यक्रम में ममता देवी, सुभावती देवी, गंगा, रामनगीना, तुलसी, दीनानाथ, निफीकीर राजभर, मानिचंद, रामबड़ाई, भोला, इत्यादि सैकड़ो लोग उपस्थित रहें।



























































Leave a comment