Latest News / ताज़ातरीन खबरें

शाही पुल व सद्भावना पुल पर जालीदार रेलिंग लगाने की मांग,सुरक्षा के मद्देनज़र व्यापार मंडल ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

जौनपुर। नगर में चाइनीज मांझे से हो रही लगातार दुर्घटनाओं और जनहानि को गंभीरता से लेते हुए जौनपुर नगर उद्योग व्यापार मंडल ने शाही पुल एवं सद्भावना पुल पर लोहे की जालीदार रेलिंग लगाए जाने की मांग की है। इस संबंध में नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल ने आज जिलाधिकारी दिनेश चन्द्र की उपस्थिति में सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह को एक ज्ञापन सौंपा।
नगर अध्यक्ष ने बताया कि जौनपुर नगर में अब तक चाइनीज मांझे की चपेट में आकर कई लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। विशेषकर शाही पुल और सद्भावना पुल ऐसे स्थान बन चुके हैं, जहां रेलिंग न होने के कारण चाइनीज मांझे से दुर्घटनाओं की आशंका सबसे अधिक रहती है।

व्यापार मंडल ने प्रशासन का ध्यान इस जनहित से जुड़े गंभीर विषय की ओर आकृष्ट कराते हुए कहा कि यदि दोनों पुलों पर स्थायी लोहे की जालीदार रेलिंग लगवा दी जाए तो राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, असामाजिक तत्वों पर भी नियंत्रण रहेगा और चाइनीज मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। साथ ही त्योहारों के समय अस्थायी बांस-बल्ली की रेलिंग पर होने वाला सरकारी खर्च भी स्थायी रूप से समाप्त हो जाएगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष सोमेश्वर केसरवानी ने बताया कि मकर संक्रांति के दौरान दोनों पुलों पर चाइनीज मांझे से कई लोग घायल हो चुके हैं, ऐसे में प्रशासन को स्वतः संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय केडिया ने उम्मीद जताई कि प्रशासन शीघ्र ही व्यापार मंडल की मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगा।

प्रतिनिधि मंडल में नगर महामंत्री मुन्ना लाल अग्रहरि एवं मनोज कुमार साहू, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष कुमार साहू, किराना संघ अध्यक्ष विजय गुप्ता, उपाध्यक्ष साहिद मंसूरी, मीडिया प्रभारी डी.के. अग्रहरि, यशवंत साहू, शुभम बरनवाल, गुलजारीलाल गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में उपस्थित सभी व्यापारियों का आभार नगर महामंत्री मनोज कुमार साहू ने व्यक्त किया।

 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh