उर्वरक वितरण में अनियमितता और निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली पर होगी कार्रवाई : जिलाधिकारी
•किसानों को पारदर्शी व्यवस्था के तहत खाद उपलब्ध कराने के निर्देश
देवरिया ।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने किसानों को उर्वरकों की सुचारु एवं पारदर्शी व्यवस्था के तहत उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से बरहज एवं भलुअनी विकासखंड की सात बी-पैक्स (सहकारी) समितियों पर उर्वरक वितरण व्यवस्था के औचक निरीक्षण के लिए सात जनपद स्तरीय अधिकारियों को नामित किया है। यह निर्देश बरहज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान दिए गए।
जिलाधिकारी ने नामित अधिकारियों को संबंधित समितियों पर उपलब्ध विभिन्न प्रकार के उर्वरकों की स्थिति, निर्धारित मानक के अनुसार निर्धारित मूल्य पर वितरण तथा स्टॉक में अवशेष उर्वरकों का औचक सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता, कालाबाजारी, निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली अथवा किसानों के साथ घटतौली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी समितियां नियमानुसार पारदर्शी तरीके से उर्वरक वितरण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे उर्वरक निर्धारित मूल्य पर ही खरीदें तथा खाद खरीदते समय निर्धारित मात्रा और वजन का विशेष ध्यान रखें। यदि किसी समिति या विक्रेता द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि मांगी जाती है अथवा उर्वरक की तौल में घटतौली की जाती है, तो इसकी शिकायत जिला प्रशासन को अवश्य दें, ताकि संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जा सके।

























































Leave a comment