Latest News / ताज़ातरीन खबरें

संदिग्ध परिस्थितियों में बिगड़ी कक्षा 9 की छात्रा की हालत, मौत, परिजनों ने प्रधानाचार्य, शिक्षक समेत तीन लोगों पर प्रताड़ित करने का लगाया आरोप

आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव की 14 वर्षीय छात्रा राशि गोंड की मौत के मामले में अब विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। छात्रा के परिजनों ने आरोप लगाया है कि विद्यालय में उसके साथ कथित रूप से अपमानजनक व्यवहार किया जाता था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी। इस संबंध में परिजनों की ओर से पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, राशि गोंड मां जगेसरा देवी इंटरमीडिएट कॉलेज, शाहगढ़ में कक्षा नौ की छात्रा थी। आरोप है कि विद्यालय में उसके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और अपमानजनक टिप्पणियां की जाती थीं। परिजनों का कहना है कि विद्यालय में होने वाले इस व्यवहार से राशि काफी आहत थी।
परिजनों द्वारा दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि 6 नवंबर 2026 को विद्यालय में रंगोली कार्यक्रम के बाद छात्रा घर पहुंची थी। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने और जहर सेवन की बात सामने आई। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन के व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जाना बेहद जरूरी है, ताकि यदि किसी की लापरवाही या प्रताड़ना सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो सके।
शिकायती प्रार्थना पत्र में परिजनों ने पुलिस प्रशासन से घटना की गंभीरता से जांच कराने, संबंधित लोगों के बयान दर्ज करने तथा आरोपों की सत्यता की पड़ताल कर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने की मांग की है। इस बाबत थानाध्यक्ष सिधारी से बात करने पर उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है, उसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। 

 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh