चीनी मिल घोसी के मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश,दिसंबर के प्रथम सप्ताह में हर हाल में शुरू हो पेराई सत्र: डीएम आनन्दवर्द्धन
डीएम की अध्यक्षता में किसान सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड घोसी के प्रबंध समिति की बैठक संपन्न।
घोसी। मऊ। डीएम आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में कल देर शाम कैंप कार्यालय स्थित सभागार में किसान सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड, घोसी की प्रबंध समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान डीएम ने चीनी मिल में आगामी पेराई सत्र की तैयारियों एवं संचालित मरम्मत और अनुरक्षण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में जिला गन्ना अधिकारी/जीएम चीनी मिल घोसी अजीत कुमार पांडेय ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि चीनी मिल में मरम्मत एवं अनुरक्षण का कार्य पूरी गति से संचालित है तथा लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। मिल हाउस, मिल सैनिटेशन, बॉयलर हाउस, टरबाइन एवं पावर हाउस सहित विभिन्न इकाइयों में मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इस पर डीएम ने सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नवंबर माह के अंतिम सप्ताह तक बॉयलर पूजा तथा दिसंबर माह के प्रथम सप्ताह तक डोंगा पूजा संपन्न कराते हुए हर हाल में पेराई सत्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
जिला गन्ना अधिकारी/ जीएम चीनी घोसी ने बताया कि आगामी पेराई सत्र में 15 लाख कुंतल गन्ने की पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। डीएम ने मिल में स्वीकृत बजट एवं अब तक किए गए व्यय की भी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उपसभापति किसान सहकारी चीनी मिल लिमिटेड घोसी रजनीश कुमार राय ने अवगत कराया कि पावर हाउस की छत का कार्य प्रगति पर है तथा बॉयलर हाउस की छत की मरम्मत हेतु बजट स्वीकृत हो चुका है। इसके लिए जेम पोर्टल के माध्यम से निविदा भी प्राप्त हो गई है। शेष औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर कार्य संपन्न करा लिया जाएगा।
मिल समिति की वित्तीय स्थिति एवं किसानों की सुविधाओं की समीक्षा के दौरान प्रधान प्रबंधक द्वारा मिल की सड़क की मरम्मत, हाईमास्ट लाइट लगवाने तथा कृषकों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिस पर डीएम ने तत्काल अनुमति प्रदान की। वहीं, जिला गन्ना अधिकारी द्वारा कम गन्ना आपूर्ति वाले गन्ना क्रय केंद्रों को निकटवर्ती क्रय केंद्र अथवा मिल गेट से संबद्ध कर संचालित किए जाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे समिति द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई।
मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम ने मुख्य अभियंता बृजेन्द्र सिंह तथा सिविल कार्यों को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु संबंधित अवर अभियंता को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए शेष कार्यों को तेजी एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने को कहा।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी पेराई सत्र दिसंबर माह के प्रथम सप्ताह में हर हाल में प्रारंभ किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब न हो। साथ ही उन्होंने किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने, गन्ना आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मिल संचालन से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला गन्ना अधिकारी अजीत कुमार पांडेय, मुख्य अभियंता श्री बृजेन्द्र सिंह, मुख्य लेखाकार सौरभ बंसल सहित मिल समिति के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
























































Leave a comment