महज ₹20 के सालाना प्रीमियम ने परिवार को दिया ₹2 लाख का आर्थिक संबल
•पीएनबी भटनी ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत दिवंगत खाताधारक की पत्नी को सौंपा ₹2 लाख का चेक
देवरिया।छोटी-सी बचत, बड़ी सुरक्षा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए पंजाब नैशनल बैंक, शाखा भटनी ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में दिवंगत खाताधारक श्री रघु कुशवाहा की पत्नी एवं नामिनी श्रीमती सरोज देवी को ₹2,00,000/- (दो लाख रुपये) की बीमा दावा राशि का चेक प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि श्री रघु कुशवाहा, निवासी हटवा वार्ड संख्या-5, तिवारी टोला, भटनी, जनपद देवरिया का दिनांक 10 जुलाई 2026 को सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया था। वे मात्र ₹20 वार्षिक प्रीमियम पर संचालित प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से बीमित थे। उनके निधन के उपरांत पंजाब नैशनल बैंक की भटनी शाखा द्वारा तत्परता से आवश्यक दस्तावेजों एवं दावा संबंधी औपचारिकताओं को पूर्ण कर बीमा दावा स्वीकृत कराया गया।
दिनांक 3 नवंबर 2026 को वरिष्ठ शाखा प्रबंधक श्री कुमार शशि भूषण द्वारा श्रीमती सरोज देवी को ₹2 लाख की बीमा दावा राशि का चेक प्रदान किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ शाखा प्रबंधक ने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना आम नागरिकों को अत्यंत कम प्रीमियम पर दुर्घटना बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराने की भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि मात्र ₹20 के वार्षिक प्रीमियम पर दुर्घटनाजनित मृत्यु अथवा पूर्ण विकलांगता की स्थिति में ₹2 लाख का बीमा कवर उपलब्ध होता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे PMSBY, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) एवं अटल पेंशन योजना (APY) से जुड़कर स्वयं तथा अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित करें।
कार्यक्रम में श्री जयंत कुमार (प्रबंधक), श्री आकाश जायसवाल (उप प्रबंधक), श्री रामप्रसाद (मास्टर साहब), श्री तुंगनाथ यादव, सभासद प्रतिनिधि श्री लाल बिहारी प्रजापति सहित शाखा के समस्त कर्मचारीगण, बैंक मित्रगण एवं बड़ी संख्या में सम्मानित ग्राहक उपस्थित रहे।
पंजाब नैशनल बैंक का संकल्प है कि वित्तीय समावेशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, ताकि छोटी-सी बचत भी विपरीत परिस्थितियों में परिवार के लिए बड़ा सहारा बन सके।



























































Leave a comment