प्रयागराज में ब्राह्मण युवा से बदसलूकी पर भड़का ब्राह्मण विकास परिषद, मऊ में बैठक कर जताया विरोध
मऊ। घोसी। जनपद मऊ के चन्द्रभानपुर स्थित आजाद नगर कॉलोनी में ब्राह्मण विकास परिषद की एक आवश्यक बैठक परिषद के अध्यक्ष ऋषिकेश पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रयागराज में आयोजित उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान घटित घटना की कड़े शब्दों में निंदा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रयागराज में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम में यूजीसी (UGC) के मुद्दे पर प्रश्न पूछने पर रोहित तिवारी के साथ पुलिस-प्रशासन व सरकार के लोगों द्वारा थप्पड़ मारकर अपमानित किया गया, जो अत्यंत निंदनीय है। यह कृत्य लोकतंत्र के ऊपर एक बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। वक्ताओं ने सवाल उठाया कि क्या लोकतंत्र में जनता को अपनी आवाज उठाने का अधिकार भी नहीं है?
परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि विनय मिश्रा जी द्वारा किया गया यह कृत्य केवल उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को खुश करने की नीयत से किया गया एक चापलूसी भरा कदम था, जिसके परिणाम आने वाले समय में बेहद भयानक होंगे।
बैठक में विचार व्यक्त करते हुए पंकज उपाध्याय ने कहा कि सरकार की विदाई में यह घटनाक्रम 'ताबूत में आखिरी कील' साबित होगा। वहीं ब्राह्मण विकास परिषद के संरक्षक डॉ. सर्वानंद पांडेय और अमरनाथ मिश्रा ने भी अपने विचार रखे।
परिषद के अध्यक्ष ऋषिकेश पांडेय ने स्पष्ट शब्दों में कहा
"यूजीसी के काले कानून पर यदि सवर्ण समाज आज जागरूक नहीं हुआ, तो आने वाली पीढ़ियां हमें कभी माफ नहीं करेंगी। किसी भी दल या व्यक्ति द्वारा यदि हमारे किसी भी सजातीय बंधु को अपमानित करने का प्रयास किया गया, तो उसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।"
इस अवसर पर नित्यानंद पांडेय, पंकज कुमार तिवारी, ज्ञानेंद्र कुमार मिश्रा, प्रमोद कुमार मिश्रा, शिवेंदु तिवारी तथा नागेश्वर मिश्रा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

























































Leave a comment