मेंहदावल में विकास को मिली नई रफ्तार, 1.05 करोड़ से बनेगी सड़क
मेंहदावल (संतकबीरनगर)। मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम उठाया गया। मेंहदावल ब्लॉक के ग्राम कौवाठोर-भरवलिया में BMCT मार्ग से भरवलिया पुरवा तक बनने वाले संपर्क मार्ग का विधायक ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भूमिपूजन कर शिलान्यास किया।
प्रस्तावित संपर्क मार्ग की कुल लंबाई 1.200 किलोमीटर होगी। इसके निर्माण पर 105.61 लाख रुपये यानी लगभग 1 करोड़ 5 लाख 61 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क निर्माण से भरवलिया पुरवा सहित आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव को पक्की सड़कों से जोड़ना और बेहतर संपर्क व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत सड़क नेटवर्क होने से लोगों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंचने में आसानी होती है। इस संपर्क मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी एई सुरेंद्र यादव एवं जेई ईश्वरचंद्र यादव मौजूद रहे। इसके अलावा ग्राम प्रधान प्रहलाद निषाद, भौरा के प्रधान संदीप यादव, भाजपा बूथ अध्यक्ष मिश्री लाल, बूथ अध्यक्ष अजय जायसवाल, शैलाब, अकबर अली, फौजी निषाद, विश्वनाथ, नीरज जायसवाल, राजाराम, रामलाल यादव और दयाराम निषाद सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद भरवलिया पुरवा और आसपास के गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी तथा बरसात के मौसम में आवागमन की परेशानियों से भी राहत मिलेगी।























































Leave a comment