मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत छात्राओं ने एक दिन के लिए संभालीं जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की जिम्मेदारी
•बालिकाओं ने सुनीं जनसमस्याएं, वित्तीय अभिलेखों की समीक्षा की तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण की पहल की
देवरिया।मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक दक्षता, आत्मविश्वास एवं निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से आज कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, रामपुर कारखाना की छात्राओं को एक दिन के लिए विभिन्न प्रशासनिक एवं शैक्षिक पदों का दायित्व सौंपा गया। इस पहल के अंतर्गत छात्रा कुमारी अनन्या यादव ने एक दिन के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, देवरिया का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने कार्यालय में उपस्थित कर्मचारियों एवं अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आए फरियादियों की समस्याओं को सुना तथा संबंधित प्रकरणों के निस्तारण की कार्यवाही की।
इसी क्रम में विद्यालय की छात्रा कुमारी वाटिका ने सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी, कुमारी विजय लक्ष्मी ने खंड शिक्षा अधिकारी, कुमारी करिश्मा ने जिला समन्वयक बालिका शिक्षा, समग्र शिक्षा, देवरिया का एक दिवसीय पदभार ग्रहण किया। इसके अतिरिक्त छात्राओं अंजलि, नव्या, लाली, रागिनी, करिश्मा, ब्यूटी आदि ने जनपद के विभिन्न विकासखंडों में एक दिन के लिए खंड शिक्षा अधिकारी का दायित्व संभाला। छात्राओं ने शिक्षकों की समस्याओं को सुना तथा संबंधित मामलों के त्वरित निस्तारण की दिशा में आवश्यक पहल की।
वित्तीय प्रबंधन एवं विभागीय कार्यों की हुई समीक्षा
एक दिन के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बनीं कुमारी अनन्या यादव ने विभागीय कार्यप्रणाली को समझने के उद्देश्य से सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी का दायित्व संभाल रहीं छात्रा वाटिका से समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत प्राप्त धनराशि एवं उसके सापेक्ष किए गए व्यय, विद्यालयों में एसएमसी खातों की स्थिति, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों के मानदेय, उनकी लाभार्थी सूची तथा कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों के मानदेय के भुगतान से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
छात्रा वाटिका ने संबंधित वित्तीय अभिलेखों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी प्रश्नों का तथ्यपरक एवं संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत किया। इस गतिविधि के माध्यम से छात्राओं को सरकारी धनराशि के उपयोग, वित्तीय पारदर्शिता, अभिलेखों के रखरखाव तथा विभागीय जवाबदेही की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई।
खेलकूद गतिविधियों पर भी छात्रा अधिकारी ने पूछे सवाल
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की भूमिका निभा रहीं कुमारी अनन्या यादव ने जिला व्यायाम शिक्षक श्री संजय सिंह से जनपद में आयोजित हो रही खेलकूद प्रतियोगिताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रतियोगिताओं के प्रारंभ होने की तिथि, आयोजित किए जाने वाले विभिन्न खेलों, प्रतिभाग करने वाले विकासखंडों तथा उनमें सम्मिलित विद्यार्थियों की कुल संख्या के संबंध में प्रश्न पूछे। जिला व्यायाम शिक्षक श्री संजय सिंह ने छात्रा को जनपद स्तरीय खेलकूद गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कर्मचारियों के मेडिकल देयक का किया निस्तारण
इस कार्यक्रम के दौरान एक दिन के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का दायित्व निभा रहीं कुमारी अनन्या यादव ने कार्यालय में कार्यरत श्री रणजीत सिंह एवं श्रीमती मीना देवी, अनुचर के मेडिकल देयकों से संबंधित प्रकरणों पर हस्ताक्षर कर उनके निस्तारण की कार्यवाही की। इस गतिविधि से छात्राओं को कार्यालयी प्रक्रिया, कर्मचारियों से संबंधित प्रकरणों तथा प्रशासनिक निर्णय लेने की प्रक्रिया को निकट से समझने का अवसर मिला।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को केवल सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करना ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी एवं नेतृत्वकर्ता के रूप में विकसित करना भी है। एक दिन के लिए प्रशासनिक पदों का दायित्व संभालने से छात्राओं को सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली, जनसमस्याओं के समाधान, वित्तीय प्रबंधन तथा निर्णय लेने की प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है। ऐसी गतिविधियां बालिकाओं के भीतर नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी, देवरिया सदर श्री देव मुनि वर्मा उपस्थित रहे।



























































Leave a comment