Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़ में 11वीं की छात्रा बनी एक दिन की जिलाधिकारी, जनता दर्शन में सुनीं फरियादें

•मिशन शक्ति अभियान के तहत खुशी सिंह ने संभाली डीएम की कुर्सी, अधिकारियों को दिए निस्तारण के निर्देश

आजमगढ़। शारदीय नवरात्रि 2026 के अवसर पर चल रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत आजमगढ़ में महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाली अनोखी पहल देखने को मिली। जनपद की मेधावी कक्षा 11वीं की छात्रा खुशी सिंह को एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनाया गया।

एक दिन की जिलाधिकारी बनीं खुशी सिंह ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी की जिम्मेदारियों को समझा और जनता दर्शन में फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध एवं त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

फरियादियों से सीधे सुनी समस्याएं

डीएम की कुर्सी संभालने के बाद खुशी सिंह ने जनता दर्शन में आए लोगों से संवाद किया। जिस आत्मविश्वास और गंभीरता के साथ उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनीं, उससे मौके पर मौजूद अधिकारी भी प्रभावित नजर आए।

इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था, अधिकारियों की जिम्मेदारियों और आम जनता की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया से परिचित कराना भी रहा।

IAS बनने का सपना

खुशी सिंह भविष्य में आईएएस अधिकारी बनना चाहती हैं। एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनने का अवसर मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

खुशी ने कहा कि इस अनुभव से उन्हें जिलाधिकारी के कार्य, दायित्व और प्रशासनिक भूमिका को करीब से समझने का अवसर मिला। इस अनुभव ने उनके आत्मविश्वास को और मजबूत किया है।

उन्होंने कहा कि अब वह और अधिक मेहनत एवं लगन से पढ़ाई करेंगी, ताकि आज जिस कुर्सी पर एक दिन के लिए बैठने का अवसर मिला है, भविष्य में उसी जिम्मेदारी को वास्तविक रूप से निभाने का सपना साकार कर सकें।

‘मिशन शक्ति’ से बेटियों को मिल रहा आत्मविश्वास

खुशी सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति और नारी शक्ति समाज की दिशा और दशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बालिकाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलने से उनमें नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित होता है।

एक दिन की जिलाधिकारी बनने की यह पहल खुशी सिंह के लिए सिर्फ एक अनुभव नहीं, बल्कि उनके आईएएस बनने के सपने की दिशा में प्रेरणा देने वाला महत्वपूर्ण पड़ाव बन गई।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh