Latest News / ताज़ातरीन खबरें

शांति भंग की कार्रवाई पर थाने में हंगामा, शहीद अंशुमान के पिता समेत दो का चालान

देवरिया।जमीनी विवाद में पुलिस की कार्रवाई को लेकर गुरुवार को लार थाने में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता और शहीद अंशुमान सिंह के पिता रविप्रताप सिंह समेत दो लोगों का शांति भंग में चालान कर दिया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही थाना परिसर में समर्थकों और ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।
लार थाना क्षेत्र के बरडीहा दलपत निवासी रविप्रताप सिंह का गांव के मैनेजर सिंह से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। बताया गया कि गुरुवार को मैनेजर सिंह ने थाने में शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक पक्ष से रविप्रताप सिंह और दूसरे पक्ष से मृत्युंजय सिंह का शांति भंग में चालान कर दिया।
आरोप है कि प्रभारी एसओ निर्भय कुमार ने फोन कर रविप्रताप सिंह को थाने बुलाया और उन्हें बैठा लिया। इसकी जानकारी होने पर शहीद अंशुमान के पिता ने थाना परिसर में पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए शोर-शराबा किया। मामला बढ़ता देख थाना परिसर में अचानक पुलिस बल बढ़ा दिया गया।
थाने में लोगों की भीड़ जुटने लगी तो पुलिस ने परिसर में मौजूद लोगों को बाहर करना शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने दोनों का आनन-फानन में शांति भंग में चालान कर सलेमपुर भेज दिया।
खास बात यह रही कि दोनों का मेडिकल परीक्षण भी लार के बजाय सलेमपुर में कराया गया, जिससे पुलिस की कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh