Crime News / आपराधिक ख़बरे

स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने दो युवकों पर किया हमला, तीन राउंड फायरिंग

•दिनदहाड़े ईंट-पत्थर और डंडे से पीटा, लोगों के जुटने पर फायरिंग कर फरार हुए हमलावर; दोनों घायल, गोली लगने की पुष्टि नहीं

कादीपुर (सुल्तानपुर)। अखंडनगर थाना क्षेत्र के लोरपुर गांव में सोमवार दोपहर काली स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने पानी की टंकी के सामने बैठे दो युवकों पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने दोनों को ईंट-पत्थर और डंडे से पीटा। आसपास के लोगों के जुटने पर खुद को घिरता देख आरोपियों ने तीन राउंड फायरिंग कर दी। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी। दिनदहाड़े हुई वारदात से गांव में अफरा-तफरी मच गई।

घटना सोमवार दोपहर करीब 1:40 बजे की है। लोरपुर ग्रामसभा में अखंडनगर-नगरी मार्ग किनारे पानी की टंकी के सामने ऋषि सिंह (22) पुत्र अनिरुद्ध सिंह निवासी खड़सरा, थाना मोतिगरपुर और ऋषिकेश (21) पुत्र रामनवल निवासी हकीमपुर, थाना अखंडनगर बैठे थे। इसी दौरान काली स्कॉर्पियो समेत अन्य वाहनों से पहुंचे कुछ लोगों ने दोनों पर हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने ईंट-पत्थर और डंडे से मारपीट की।

अचानक हुई मारपीट देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। लोगों की भीड़ जुटती देख हमलावरों ने तीन राउंड फायरिंग की और उसी रास्ते से अखंडनगर की ओर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि हमलावरों के साथ बुलेट और मोटरसाइकिल भी थीं। फायरिंग के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

ननिहाल आया था एक युवक

घायल ऋषि सिंह खड़सरा गांव का रहने वाला है और लोरपुर निवासी अपने ननिहाल विश्वनाथ सिंह के यहां आया था। दूसरा युवक ऋषिकेश अखंडनगर थाना क्षेत्र के हकीमपुर का निवासी है। दोनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर में उपचार कराया गया।

सीएचसी की इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. विष्णु स्वरूप ने बताया कि दोनों युवकों को चोटें आई हैं, लेकिन किसी को गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है।


घटना की सूचना मिलते ही अखंडनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ एक खोखा बरामद किया है। पुलिस हमलावरों की पहचान और विवाद की वजह पता लगाने में जुटी है। थाना प्रभारी अखंडनगर धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि अभी तक घटना के संबंध में तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh