डीएम ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने के दिए निर्देश
देवरिया।कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा है कि स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं एवं गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि संचालित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे तथा जनपद में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में हर हाल में कमी लाई जा सके। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जो सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं अथवा लगातार लापरवाही बरत रहे हैं, उनके निष्कासन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कार्य व्यवहार में सुधार लाते हुए दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं मनोयोग से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बीएचएसएनडी सत्रों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नियमित रूप से गांवों में होम विजिट करें तथा लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं के प्रति जागरूक करें। साथ ही जनता का विश्वास भी अर्जित करें। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार आयोजित सत्रों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में प्रत्येक मातृ एवं शिशु मृत्यु का ऑडिट किया जाए तथा सामने आई कमियों का विश्लेषण कर उन्हें दूर किया जाए। साथ ही लोगों को स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जागरूक भी किया जाए। जिलाधिकारी ने आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान का समय से निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बीएचएसएनडी सत्रों के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि इस माह किसी भी आंगनबाड़ी केंद्र/सत्र पर आवश्यक उपकरणों का अभाव नहीं होना चाहिए। इसके लिए संबंधित एमओआईसी, खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं आशा कार्यकर्ता मांग के अनुसार उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। यदि किसी भी स्तर पर उपकरणों की कमी पाई जाती है तो संबंधित एमओआईसी एवं खंड विकास अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने आभा आईडी (ABHA ID) जनरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम सहित स्वास्थ्य विभाग की सभी संचालित योजनाओं के लक्ष्यों की समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. रजनी पटेल, सीएमएस डॉ. के. मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदेश मिश्रा, एसीएमओ डा एस के सिन्हा, एसीएमओ डा अजय शाही, डिप्टी सीएमओ डॉ कार्तिक पांडेय, डिप्टी सीएमओ डॉ कार्तिक पांडेय, डॉ अश्वनी पांडेय, सहयोगी संस्था सीफार, केयूपीटीएसयू, जपाईगो, जेएसआई जिला प्रतिनिधि सहित एमओआईसी, बीपीएम, बीसीपीएम मौजूद रहे























































Leave a comment