आईजीआरएस मामलों में लापरवाही पर डीएम सख्त, पांच प्रभारी चिकित्साधिकारियों को जारी किया कारण बताओ नोटिस
देवरिया, 6 अगस्त। आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) प्रकरणों के त्रुटिपूर्ण निस्तारण और लापरवाही मिलने पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने पांच प्रभारी चिकित्साधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी द्वारा आईजीआरएस प्रकरणों की नियमित समीक्षा और शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक के दौरान कई मामलों में शिकायतों के निस्तारण में गंभीर खामियां तथा शिकायतकर्ताओं की असंतुष्टि सामने आई। इसके बाद संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई।
जिन प्रभारी चिकित्साधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है, उनमें बैतालपुर में महिला नसबंदी के बावजूद गर्भधारण होने के दावे से जुड़े मामले का त्रुटिपूर्ण निस्तारण, सलेमपुर में अधिकारियों द्वारा मनमाने ढंग से कार्य करने एवं पद के दुरुपयोग संबंधी शिकायत, लार में अपात्र लाभार्थी का आयुष्मान भारत कार्ड निरस्त किए जाने का मामला, बनकटा में ग्राम पंचायत दिस्तौली की आशा कार्यकर्ता चयन संबंधी शिकायत तथा देसही देवरिया में निजी अस्पताल द्वारा अत्यधिक एवं अनुचित चिकित्सकीय बिल वसूले जाने से जुड़े प्रकरण शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आईजीआरएस शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, औपचारिकता या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि संबंधित अधिकारियों का स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।























































Leave a comment