हर घर तिरंगा अभियान को लेकर तैयारियां तेज, 9 से 17 अगस्त तक होंगे विविध कार्यक्रम
प्रयागराज, 6 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 9 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले 'हर घर तिरंगा' अभियान को भव्य, उत्सवपूर्ण और गौरवपूर्ण ढंग से मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने संगम सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का भाव विकसित करना है। उन्होंने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने को कहा। साथ ही बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाया जाएगा।
9 से 17 अगस्त तक कार्यक्रमों की रूपरेखा
- 9 अगस्त: चंद्रशेखर आजाद पार्क गेट नंबर-3 पर तिरंगा रैली, प्रदर्शनी, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रंगोली प्रतियोगिता।
- 10 अगस्त: शहीद वॉल से चंद्रशेखर आजाद पार्क तक तिरंगा साइकिल रैली।
- 11 अगस्त: सुभाष चौराहा से तिरंगा मोटरसाइकिल रैली।
- 12 अगस्त: हिंदू हॉस्टल गेट से प्रबुद्ध नागरिकों की पैदल तिरंगा यात्रा।
- 13 अगस्त: महर्षि भारद्वाज प्रतिमा स्थल से तिरंगा रैली।
- 14 अगस्त: विभाजन विभीषिका स्मृति प्रदर्शनी, डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शन, दो मिनट का मौन एवं श्रद्धांजलि।
- 15 अगस्त: ध्वजारोहण एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह।
- 16 अगस्त: तिरंगा गान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।
- 17 अगस्त: वंदे मातरम् का सामूहिक गायन सहित समापन कार्यक्रम।
शहर और गांवों में विशेष तैयारियां
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी प्रमुख चौराहों एवं सरकारी कार्यालयों में तिरंगा थीम पर लाइटिंग कराने, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई कराने तथा व्यापारिक प्रतिष्ठानों और पेट्रोल पंपों पर भी तिरंगा सजावट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर निगम को प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीत प्रसारित करने, शिक्षा विभाग को स्कूलों में तिरंगा यात्रा एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित कराने तथा नगर निगम एवं पंचायतीराज विभाग को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक गांव का चयन कर विशेष सफाई अभियान चलाने और मलिन बस्तियों में भी स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा गया।
राष्ट्रीय ध्वज फहराने के प्रमुख नियम
बैठक में नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पालन करने की अपील की गई। निर्देश दिए गए कि तिरंगा सदैव सम्मानपूर्वक फहराया जाए, केसरिया रंग ऊपर रहे, फटा या आधा झुका हुआ झंडा न लगाया जाए तथा उपयोग के बाद राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक मोड़कर सुरक्षित रखा जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) उपमा पांडेय, जिला विकास अधिकारी जी.पी. कुशवाहा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, क्षेत्रीय अभिलेखागार अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





















































Leave a comment