शिवानंद चौरसिया के परिजनों से मिले सांसद, आर्थिक सहायता के रूप में दिए एक लाख रुपये
देवरिया: अमेरिका-ईरान संघर्ष में जान गंवाने वाले जनपद के सुरौली निवासी युवक शिवानंद चौरसिया के परिजनों से सदर सांसद शशांक मणि ने मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। सांसद ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिया तथा अपनी ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
सदर सांसद शशांक मणि ने शिवानंद चौरसिया के पैतृक आवास पहुंचकर उनके परिजनों से भेंट की और इस दुःखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिवानंद की असमय मृत्यु पूरे जनपद के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। इस कठिन समय में सरकार और समाज परिवार के साथ खड़ा है।
सांसद ने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए कहा कि यह सहयोग उनकी पीड़ा को कम नहीं कर सकता, लेकिन संकट की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े होने का एक छोटा प्रयास है।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अजय शाही, महामंत्री प्रमोद शाही,जिला मंत्री डा हेमंत मिश्रा, मीडिया प्रभारी प्रभाकर तिवारी, मंडल अध्यक्ष राजन यादव, राकेश शुक्ला, सुधीर श्रीवास्तव, अभिषेक मिश्रा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत शिवानंद चौरसिया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। सांसद ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

























































Leave a comment