Latest News / ताज़ातरीन खबरें

मऊ में औषधि निरीक्षक विभाग द्वारा दवाविक्रय प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण, नमूना जांच में भेजा गया

मऊ। खुरहट।आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा डीएम मऊ के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में संचालित थोक औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों एवं गोदामों के सघन निरीक्षण एवं सत्यापन का अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों द्वारा औषधि अनुज्ञप्ति की शर्तों का अनुपालन, औषधियों के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था तथा अभिलेखों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में औषधि निरीक्षक आशुतोष चौबे द्वारा मेसर्स सोनू मेडिकल एजेंसी, भातकोल मोड़, खुरहट, मऊ का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फर्म स्वामी एवं औषधि विक्रय हेतु अनुमोदित व्यक्ति नारायण यादव उपस्थित पाए गए। निरीक्षण के समय फर्म द्वारा विक्रय की जाने वाली औषधियों से संबंधित आवश्यक अभिलेख एवं अनुभव प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराए गए। साथ ही औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेखों तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों में भी कमियां पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान दो संदिग्ध औषधियों के नमूने परीक्षण हेतु संकलित किए गए। इसके अतिरिक्त औषधियों के क्रय संबंधी बीजक नियमानुसार उपलब्ध न होने तथा औषधियों के भंडारण के लिए आवश्यक तापमान व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पाए जाने पर फर्म स्वामी को आवश्यक निर्देश दिए गए। वर्तमान मौसम में उच्च तापमान को देखते हुए औषधियों के मानक अनुरूप सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए गए।
फर्म स्वामी को संबंधित अभिलेख, क्रय-विक्रय बीजक एवं आवश्यक प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियां साक्ष्यों सहित पांच कार्यदिवस के भीतर कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रतिष्ठान पर औषधि अनुज्ञप्ति का नियमानुसार प्रदर्शन सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
औषधि निरीक्षक ने बताया कि निरीक्षण आख्या अग्रिम कार्रवाई हेतु औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी (विक्रय), आजमगढ़ मंडल को प्रेषित की जा रही है। जनपद के समस्त थोक औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं सत्यापन कार्य निरंतर जारी रहेगा। संकलित नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh