Crime News / आपराधिक ख़बरे

पुलिसमुठभेड़ में तेल चोरी गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार,एक घायल,दो वाहन वअवैध असलहे बरामद

घोसी।दोहरीघाट। थाना क्षेत्र में हाईवे पर खड़ी ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दोहरीघाट पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस तथा दो चारपहिया वाहन बरामद किए हैं। गिरोह के चार अन्य सदस्य फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
     एसपी कमलेश बहादुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा एसएचओ दोहरीघाट संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में थाना दोहरीघाट पुलिस हाईवे पर ट्रकों से हो रही डीजल चोरी की घटनाओं की रोकथाम एवं 22/23 जून की रात बसारतपुर के पास ट्रक चालक को गोली मारकर डीजल चोरी के प्रयास की घटना के खुलासे में जुटी थी।
    इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घोसी की ओर से दो चारपहिया वाहनों में सवार बदमाश डीजल चोरी के इरादे से आ रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम कुसम्हा नहर पुलिया के पास चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक ग्रे रंग की इनोवा और सफेद रंग की अर्टिगा आती दिखाई दी। पुलिस के रुकने के संकेत पर दोनों वाहन चालक गाड़ियों को मोड़कर भागने लगे।
   पुलिस ने पीछा कर दोनों वाहनों को घेर लिया। खुद को घिरता देख इनोवा में सवार एक बदमाश ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उपेंद्र राजभर के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।
       पूछताछ में उपेंद्र ने स्वीकार किया कि 22/23 जून की रात बसारतपुर हाईवे पर खड़ी ट्रक से डीजल चोरी के प्रयास के दौरान चालक के जाग जाने पर उसके साथी आदित्य जायसवाल ने चालक को गोली मार दी थी।
पुलिस ने मौके से उपेंद्र राजभर निवासी चौरीचौरा, गोरखपुर, त्रिपेश दुबे निवासी चौरीचौरा, गोरखपुर, धीरज निवासी बिदनू, कानपुर (हाल पता खोराबार, गोरखपुर) तथा नितेश उर्फ बाबूलाल पासवान निवासी खोराबार, गोरखपुर को गिरफ्तार किया। वहीं अजू, आदित्य जायसवाल, कृष्णा गौंड तथा मोनू उर्फ श्यामसूरत पासवान फरार हो गए।
   पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक .315 बोर देशी तमंचा, एक 12 बोर कट्टा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस तथा एक इनोवा और एक अर्टिगा वाहन बरामद कर सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट, गैंगस्टर तथा अन्य संगीन धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
एसएचओ संजय त्रिपाठी ने बताया
"हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मुठभेड़ के दौरान चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। ट्रक चालक को गोली मारने की घटना का भी सफल अनावरण कर लिया गया है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh