कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सत्याग्रह आंदोलन में शामिल हो किया समर्थन
देवरिया ।होर्मुज क्षेत्र में हुए अमेरिकी हमले में जान गंवाने वाले देवरिया के सुरौली गांव निवासी भारतीय नाविक दिवंगत शिवानंद चौरसिया के परिवार को न्याय दिलाने की मांग अब और तेज हो गई है। सोमवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय शहर के सुभाष चौक पर चल रहे न्याय सत्याग्रह में शामिल होकर आंदोलन को अपना समर्थन दिया। उसके बाद शिवानंद चौरसिया के पैतृक आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि शिवानंद चौरसिया की मृत्यु केवल एक परिवार की व्यक्तिगत क्षति नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए पीड़ादायक घटना है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
सुभाष चौक पर आयोजित न्याय सत्याग्रह को संबोधित करते हुए अजय राय ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि विदेशों में कार्यरत भारतीय नागरिकों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कूटनीतिक पहल की गई होती, तो ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सकता था। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की कूटनीतिक विफलता बताते हुए कहा कि यह केवल तीन भारतीय नागरिकों की मृत्यु का प्रश्न नहीं, बल्कि खाड़ी देशों में कार्यरत करोड़ों भारतीयों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दिवंगत शिवानंद चौरसिया के परिवार के साथ न्याय करने के बजाय उन्हें आश्वासनों के जाल में उलझा रही है। अजय राय ने जिला प्रशासन और सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि तब तक परिवार की न्यायोचित मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में सहायता राशि संग्रह अभियान चलाएगी और आंदोलन को व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।
अजय राय ने कहा कि प्रशासन और सरकार को पीड़ित परिवार की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिवंगत शिवानंद चौरसिया के परिवार की सभी मांगें पूरी तरह न्यायसंगत हैं और उन्हें तत्काल स्वीकार किया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन को निर्धारित समय दिया जाए, लेकिन यदि समयसीमा के भीतर न्याय नहीं मिला तो संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएंगे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
न्याय सत्याग्रह के चौथे दिन दिवंगत शिवानंद चौरसिया के परिवार के सदस्य भी आंदोलन में शामिल हुए। उनके भाई रामप्रवेश चौरसिया एवं अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने प्रारंभिक दौर में कई आश्वासन दिए थे, लेकिन बाद में अपने वादों से पीछे हट गया। परिवार का कहना है कि सम्मानजनक मुआवजा और एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने के संबंध में सकारात्मक संकेत मिलने के बावजूद अब प्रशासन बातचीत तक करने को तैयार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार को लगातार गुमराह किया गया और उनकी जायज मांगों की उपेक्षा की जा रही है।
दिवंगत शिवानन्द चौरसिया के छोटे भाई रामप्रवेश चौरसिया ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के समक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कराने की इच्छा भी व्यक्त की। इस पर अजय राय ने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी परिवार की आवाज को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
न्याय सत्याग्रह की प्रमुख मांगों में दिवंगत शिवानंद चौरसिया को शहीद का दर्जा प्रदान करना, परिवार के एक आश्रित सदस्य को सरकारी नौकरी देना, उनके बच्चों की शिक्षा का संपूर्ण व्यय राज्य सरकार द्वारा वहन करना तथा परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करना शामिल है।
इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह,पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो, पूर्व विधायक सदल प्रसाद, निर्वतमान उपाध्यक्ष केशव चन्द यादव,आलोक प्रसाद, शहला अहरारी,पूर्व जिलाध्यक्ष सुयश मणि त्रिपाठी, राधवेंद्र सिंह 'राकेश',धर्मेंद्र सिंह, रामजी गिरी, विजय सिंह, राजेश तिवारी,मुकुंद भास्कर मणि, निर्मला पासवान, अरविन्द शाही,भरत मणि त्रिपाठी,जुलेखा खातून, जयप्रकाश धनगर, अब्दुल जब्बार, डॉ. धर्मेंद्र पाण्डेय,राम अशीष साहनी,वरुण राय, चन्दन वर्मा, संजीव कुमार मिश्रा,दीनदयाल प्रसाद, हरिहर त्रिपाठी, मार्कण्डेय मिश्रा,विजय शंकर मिश्रा,धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय,मनोज मणि, रामप्रवेश सिंह, आलोक त्रिपाठी राजन,शहनाज जफर, रीता देवी, निर्मला वर्मा, विनोद दुबे, गोविन्द मिश्रा, हर्षित सिंह, मिर्जा खुर्शीद, अशोक कुशवाहा,मुजफ्फर हुसैन मंसूरी,सुनील द्विवेदी, मुलायम यादव, विनोद त्रिपाठी, धनंजय यादव, डॉ.एस.के.पाठक, सत्य प्रकाश मणि, चंद्रीका निषाद,सत्य प्रताप मिश्रा अंशु, राजकुमार यादव, कपिल मुनि त्रिपाठी, प्रिंस पाण्डेय,रजत सिंह,सुफी सलीम, प्राजंल त्रिपाठी, सतीश साहनी, विवेक मिश्रा,शम्स आरफीन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।






















































Leave a comment