अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर डीआईजी सुनील सिंह और एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने किया योगाभ्यास, दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
आजमगढ़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर "स्वस्थ आयु के लिए योग" थीम के तहत आजमगढ़ पुलिस द्वारा जनपद भर में विशेष योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस उप-महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस लाइन परिसर में आयोजित योग शिविर में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
योग पर सुबह आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी सुनील कुमार सिंह और एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने योग प्रशिक्षक के निर्देशन में अनुलोम-विलोम, कपालभाति, अर्धचक्रासन, वज्रासन, भुजंगासन, शशांकासन तथा शीतली प्राणायाम सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षक ने उपस्थित लोगों को नियमित योग के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि स्वस्थ और निरोग जीवन के लिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन योग के लिए समय अवश्य निकालना चाहिए।
इस अवसर पर डीआईजी और एसएसपी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है। नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है तथा कार्यक्षमता और सकारात्मक ऊर्जा में वृद्धि होती है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कंधरापुर स्थित चंद्रमा ऋषि आश्रम में आयोजित जनपदीय योग कार्यक्रम में भी सहभागिता की। यहां उन्होंने कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, अन्य अधिकारियों एवं नागरिकों के साथ सामूहिक योग कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद के सभी थाना, पुलिस चौकी एवं पुलिस कार्यालयों में भी योग शिविर आयोजित किए गए, जहां पुलिसकर्मियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, प्रतिसार निरीक्षक रजनीकांत ओझा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
























































Leave a comment