Latest News / ताज़ातरीन खबरें

संदिग्ध परिस्थितियों में नव विवाहिता की हुई मौत, जांच में जुटी पुलिस

देवरिया। सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डुमवलियां में रविवार सुबह करीब 7:30 बजे एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतका की पहचान मनीषा (25 वर्ष), पत्नी संतोष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनीषा की शादी गत 14 मई को हुई थी। उसका मायका हरिकुंडवाल गांव में है। मृतका के पिता का नाम पारस प्रसाद बताया गया है। शादी के महज एक माह बाद हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलने पर सलेमपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं सलेमपुर तहसील के नायब तहसीलदार गोपाल जी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की बारीकी से जांच की और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से गांव में शोक और चर्चा का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh