Latest News / ताज़ातरीन खबरें

हाईवे किनारे झाड़ियों में मिले सरकारी अभिलेख, लापरवाही पर गिरी गाज

 •आरसी प्रपत्र और फॉर्म-6 मिलने से मचा हड़कंप, अज्ञात पर मुकदमा दर्ज; प्रथम दृष्टया जिम्मेदारी तय होने पर प्रभारी आरके निलंबित
सुल्तानपुर।तहसील लंभुआ में सरकारी दस्तावेजों के रखरखाव में बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। हाईवे किनारे झाड़ियों में बड़ी संख्या में सरकारी अभिलेख, राजस्व न्यायालय के आरसी प्रपत्र और फॉर्म-6 मिलने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे झाड़ियों में बिखरे सरकारी कागजात देख इसकी सूचना अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही राजस्व विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज बरामद किए गए, जिन्हें सुरक्षित कब्जे में लेकर संबंधित विभाग को सौंप दिया गया।
प्रारंभिक जांच में मामला गंभीर पाए जाने पर प्रभारी आरके शैलेंद्र सिंह की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी अभिलेखों को सार्वजनिक स्थान पर इस तरह फेंकना गंभीर लापरवाही और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला है।
मामले की सूचना उच्चाधिकारियों तक पहुंचने के बाद विभागीय स्तर पर भी सख्त रुख अपनाया गया। प्रथम दृष्टया जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित आरके को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।
अब जांच इस बिंदु पर केंद्रित है कि संवेदनशील सरकारी दस्तावेज हाईवे किनारे झाड़ियों तक कैसे पहुंचे और इसके पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं। घटना के बाद सरकारी अभिलेखों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh