Latest News / ताज़ातरीन खबरें

निजामाबाद की जर्जर सड़कों पर आंदोलन तेज, किसान नेता राजीव यादव ने PWD अफसर से की मुलाकात

आजमगढ़, 6 मई 2026:निजामाबाद क्षेत्र की जर्जर सड़कों को लेकर आंदोलन तेज होता नजर आ रहा है। राजीव यादव, महासचिव सोशलिस्ट किसान सभा ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर जल्द से जल्द सड़क निर्माण की मांग उठाई।
राजीव यादव ने बताया कि अगस्त 2026 में पदयात्रा के बाद मुख्यमंत्री द्वारा कार्ययोजना मांगे जाने और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। हालांकि विभाग की ओर से जानकारी दी गई है कि लाहीडीह, कौड़िया, मुंडियार होते हुए कलान, निजामाबाद से डोडोपुर, रानी की सराय और शेरपुर तिराहे से कबीर आश्रम व त्रिमुहानी तक की सड़कों का नवीनीकरण बरसात से पहले पूरा करने का लक्ष्य है।
वहीं भदुली पुल, शिवली से रानीपुर, अल्लीपुर, बेगपुर होते हुए शेरपुर तक सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव अभी स्वीकृत नहीं हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
किसान नेता ने कहा कि जनता के दबाव और आंदोलन के चलते ही सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई है, लेकिन काम की रफ्तार अपेक्षित स्तर की नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से उपेक्षित सड़कों पर अब जाकर गिट्टी डाली जा रही है, जबकि कई जगहों पर सड़कें पूरी तरह गायब हो चुकी थीं।
राजीव यादव ने जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “रोड नहीं तो वोट नहीं” जैसे जनघोषणा के बाद ही जिम्मेदार लोग सक्रिय हुए हैं। उन्होंने मांग की कि लाहीडीह से कलान तक सड़क चौड़ीकरण, बाजार क्षेत्रों में सीवर लाइन और भंवरनाथ, तहबरपुर, सरायपोही सहित अन्य गांवों की सड़कों का निर्माण शीघ्र कराया जाए, ताकि बारिश में लोगों को जलभराव और गड्ढों से राहत मिल सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक क्षेत्र की सभी जर्जर सड़कों का निर्माण नहीं हो जाता, आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में अधिवक्ता विनोद यादव और अवधेश यादव भी शामिल रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh