Latest News / ताज़ातरीन खबरें

बुआ के घर से लापता बालिका की 5 दिन बाद मिली लाश

आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के गढ़वा गहजी गांव निवासी बुआ के घर से 5 दिन पूर्व लापता हुई 12 वर्षीय बालिका का शव गुरुवार की सुबह गांव में स्थित पोखरी में उतराया मिला। इस घटना को लेकर क्षेत्र के लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं।
अंबेडकर नगर जिले के राजेसुलतानपुर थाना अंतर्गत सिकरौरा ग्राम निवासी महेंद्र निषाद की 12 वर्षीय पुत्री आरती कुछ दिनों पूर्व गढ़वा गहजी ग्राम निवासी अपनी बुआ बिंदु देवी पत्नी दयाराम निषाद के घर आई हुई थी। बताते हैं कि बीते 11 दिसंबर को वह अचानक लापता हो गई। परिवार के लोग उसकी खोजबीन में जुटे लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। इस संबंध में अहरौला थाने में लिखित सूचना दी गई थी। गुरुवार की सुबह लापता बालिका का शव गांव की निषाद बस्ती के समीप स्थित पोखरी में उतराया मिला। घटना की जानकारी मुकामी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर अहरौला थानाध्यक्ष संजय सिंह मौके पर पहुंच गए। मौके पर कयास लगाया गया कि शौच के बाद पोखरी में पानी छूने के दौरान संभवतः डूब कर उसकी मौत हुई होगी लेकिन गांव के लोग इस बात पर हैरानी जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि 5 दिन पूर्व बालिका पानी में डूबी थी तो उसकी लाश गुरुवार तक पानी में कैसे दबी रही। फिलहाल पुलिस इस संबंध में छानबीन कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh