Latest News / ताज़ातरीन खबरें

समाधान दिवस पर आलाधिकारियों ने फरियादियों की सुनी गुहार ,समस्याओं का किया निस्तारण


आजमगढ़ 20 नवम्बर-- पुलिस उप महानिरीक्षक अखिलेश कुमार, जिलाधिकारी राजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य अध्यक्षता में तहसील सदर के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तायुक्त निस्तारण करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि इसमे किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नही होगी, जन समस्याओं का गुणवत्तायुक्त एवं समयबद्ध निस्तारण शासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर कुल 135 मामले आये, जिसमे से 11 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया तथा शेष 124 मामलों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत करने के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये। प्राप्त मामलों में राजस्व के 89, पुलिस के 29, विकास के 08, शिक्षा के 02 तथा अन्य के 07 मामले शामिल हैं।
इस अवसर पर प्रार्थी मंगरू यादव पुत्र स्व0 मोहित यादव ग्राम नैपूरा पर0 निजामाबाद तहसील सदर, द्वारा अवगत कराया गया कि ग्राम नैपूरा पर0निजामाबाद तहसील सदर आजमगढ़ के गाटा सं0 301/0.093 हे0 खोर खाते में अंकित है, को काटकर अगल बगल के चकदारों ने अपने-अपने खेतों में मिलाकर जोत बना दिया है, जिसके कारण समस्त ग्राम वासियों को आने जाने में समस्या होती है। जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर को निर्देश दिये कि मौके पर जाकर नियमानुसार उक्त प्रकरण का निस्तारण करते हुए सरकारी जमीन से कब्जा हटवाना सुनिश्चित करें।
प्रार्थीनी मीरा पत्नी राजनरायन सिंह निवासी थाना जहानागंज द्वारा अवगत कराया गया है कि प्रार्थिनी की सहन की जमीन को ग्राम के शिवनाथ पुत्र हर्षनाथ कब्जा कर रहे हैं। कब्जा करने से मना करने पर हम प्रार्थिनी को तथा हमारे लड़के मनीष को कई बार मार पीट चुके हैं तथा कहते हैं कि अगर कहीं दरखास्त दी तो और मारेंगे। जिस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर को निर्देश दिये कि राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर दोनो पक्षों को सुना जाय एवं नियमानुसार कार्यवाही की जाए।
प्रार्थी प्रमोद कुमार मौर्य, प्रधान, ग्राम पंचायत घाटीपट्टी, ब्लाक रानी की सराय, द्वारा अवगत कराया गया कि ग्राम सभा घाटीपट्टी में स्थित चक मार्ग गाटा सं0 184 जो देव स्थान पर सार्वजनिक हित में बराबर आवागमन है जो अर्धनिर्मित है, किन्तु ग्राम सभा के कुछ भू-माफियाओं द्वारा बराबर व्यवधान उत्पन्न किया जा रहा है, जब कि क्षेत्रीय लेखपाल व राजस्व निरीक्षक द्वारा कई बार सीमांकन भी किया जा चुका है, ऐसी स्थिति में चकमार्ग गाटा सं0 184 का निर्माण करने में सहयोग प्रदान किया जाना आवश्यक है। जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर व खण्ड विकास अधिकारी रानी की सराय को निर्देश दिये कि तहसील/ब्लाक की टीम को भेजकर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन-जिन विभागों से संबंधित आवेदन पत्र हैं, उसे जल्द से जल्द शत प्रतिशत निस्तारित करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि समस्याओं का निस्तारण प्रारम्भिक स्तर पर ही कर दिया जाए तो जनता को मुख्यालय तक नही जाना पड़ेगा। इसलिए अधिकारीगण प्राथमिकता के आधार पर प्रारम्भिक स्तर पर ही जन समस्या का वास्तविक निस्तारण कर दें।
इस अवसर पर एसडीएम सदर जे0आर0 चौधरी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

----जि0सू0का0 आजमगढ़-20-11-2021-----


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh