मेंहदी का रंग उतरने से पहले विवाहिता ने लगाई फांसी
सिद्धार्थनगर। जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कठेला समय माता थाना क्षेत्र के कठेला जनूबी के टोला पीर नगर में मंगलवार रात एक नवविवाहिता ने शादी के 19वें दिन फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता का आरोप है कि विदाई होकर ससुराल में बेटी के पहुंचने के बाद से ही दहेज के लिए वे लोग मारने-पीटने लगे थे। मारपीट से तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति और ससुर पर दहेज हत्या सहित अन्य धारा में केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के सुकरौली गांव निवासी जगदीश ने अपनी पुत्री सपना उर्फ अर्चना (21) की शादी कठेला समय माता थाना क्षेत्र के कठेला जनुवी के टोला पीर नगर निवासी विनय भट्ट के साथ की थी। शादी इसी 11 मई को हुई थी। मंगलवार रात सपना उर्फ अर्चना की कमरे में छत के कुंडे के सहारे साड़ी के फंदे से लटकता हुआ शव मिला। आसपास के लोगों से मिली जानकारी के बाद पिता जगदीश गांव पहुंचे। जगदीश ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि 11 मई को बिटिया की शादी हुई। ससुराल में पहुंचने के दूसरे दिन से ही उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
इस बात की जानकारी बेटी लगातार फोन पर देती रही। उसे हम समझाते रहे। लेकिन पति और ससुर उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने के साथ ही मारने पीटने लगे थे। इससे वह तंग आ चुकी थी। प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आत्महत्या कर लिया। जिसके दोषी यह लोग हैं। इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। मिले तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या सहित अन्य धारा में केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक कठेला समय माता संतोष कुमार यादव ने बताया कि केस दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद सीओ शोहरतगढ़ गर्वित सिंह मौके पर पहुंचे। उनके साथ फोरेंसिक टीम भी गए थे। एक-एक बिन्दुओं को करीब से देखा। इसके बाद एसओ को कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
























































Leave a comment