तेलिया बेलवा में पुलिस ने लगाई चौपाल, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर कराया निस्तारण
देवरिया भागलपुर। मईल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा तेलिया बेलवा में थाना मईल पुलिस की ओर से चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखीं। पुलिस ने कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित उपनिरीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चौपाल में ग्राम तेलिया बेलवा निवासी पूनम देवी पत्नी स्वर्गीय गुड्डू प्रसाद ने बताया कि उनके घर से आने-जाने वाले रास्ते पर काफी झाड़ियां उग आई हैं, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष ने ग्राम प्रधान के साथ समन्वय स्थापित कर रास्ते की झाड़ियों की समस्या का निस्तारण कराया।
वहीं, बेलवा गांव निवासी बबलू राजभर पुत्र बंसी राजभर ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह अपने सहन की जमीन में अपने हिस्से पर दीवार का निर्माण करा रहे हैं, लेकिन शिवम व उनकी माता सविता द्वारा निर्माण कार्य रोका जा रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाना समाधान दिवस में तलब किया है।
तेलिया बेलवा निवासी सीमा पत्नी मनोज प्रसाद ने शिकायत की कि बिशनपुरा निवासी वीरेंद्र प्रसाद पुत्र स्वर्गीय स्वरूप प्रसाद ने उनसे रुपये लिए हैं और बार-बार समय देने के बावजूद अभी तक उनका पैसा वापस नहीं किया है। पुलिस ने मामले में प्रतिवादी को अगले दिन थाना स्थानीय पर तलब किया है।
चौपाल में महिलाओं ने तेलियाकला स्थित देशी शराब की भट्ठी को लेकर भी अपनी नाराजगी जताई। महिलाओं ने कहा कि उनके पति शराब पीकर घर लौटते हैं और इसके बाद परिवार में विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है। ग्रामीणों ने बताया कि शराब की भट्ठी श्मशान घाट के पास स्थित है और विद्यालय भी आसपास है। ग्रामीणों ने शराब की भट्ठी को आबादी व विद्यालय से दूर किए जाने की मांग उठाई।
इस दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को उनके अधिकारों, महिला सुरक्षा तथा साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया। पुलिस टीम ने साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत करने और किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की अपील की।
चौपाल में थानाध्यक्ष विकासनाथ, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामदयाल यादव, हेड कांस्टेबल अमितेश सिंह, बीपीओ शत्रुघ्न चौहान सहित मिशन शक्ति महिला टीम और सीपीयू टीम के सदस्य मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी समस्याओं के तत्काल समाधान का भरोसा दिलाया।























































Leave a comment