Latest News / ताज़ातरीन खबरें

स्कूल परिसर में टूटा हाईटेंशन तार, टला बड़ा हादसा, ब्लॉक के आठ परिषदीय स्कूलों से हटाए जाने है तार

देवरिया। लार ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय भूडूसरी के परिसर में शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे ट्रांसफार्मर से बिजली का तार टूटकर गिर गया। संयोग से उस समय बच्चे विद्यालय नहीं पहुंचे थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। विद्यालय परिसर में ट्रांसफार्मर लगा है और ऊपर से हाईटेंशन तार गुजर रहा है। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले करीब 100 बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।जिले के परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों और परिसर में लगे ट्रांसफार्मरों को शिफ्ट करने में हो रही देरी पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी भी नाराजगी जता चुके हैं। कुछ दिन पूर्व इस संबंध में आयोजित बैठक में उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए नाराजगी जताई थी। इसके बावजूद विद्यालयों से तार और ट्रांसफार्मर हटाने का काम पूरा नहीं हो सका है। इससे बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों और परिसर में लगे ट्रांसफार्मरों को हटाने के लिए शिक्षा विभाग करीब एक साल पहले ही बजट जारी कर धनराशि बिजली विभाग को हस्तांतरित कर चुका है। इसके बावजूद लार ब्लॉक के करीब आठ विद्यालयों में शिफ्टिंग का काम अब तक पूरा नहीं हुआ है।भूडूसरी विद्यालय में कुछ महीने पहले भी ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग हुई थी।तार टूटने के बाद उसे जोड़ने पहुंचे बिजली विभाग के लाइनमैन का ग्रामीणों और प्रधानाध्यापक ने विरोध किया। उनका कहना था कि जर्जर तार को जोड़कर बिजली आपूर्ति बहाल करना स्थायी समाधान नहीं है। जब तक विद्यालय परिसर से ट्रांसफार्मर और तार नहीं हटाए जाते, तब तक बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना रहेगा। उन्होंने शिफ्टिंग का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की।
खंड शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया गया है।उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया जाएगा। विद्यालयों से तार और ट्रांसफार्मर हटाने के लिए बिजली विभाग को कई बार पत्र लिखा जा चुका है।
बिजली विभाग के एसडीओ आलोक कुमार ने बताया कि विद्यालय में तार टूटकर गिरने की जानकारी मिली है। ठेकेदार को जल्द से जल्द विद्यालय परिसर से ट्रांसफार्मर और तार की शिफ्टिंग कराने का निर्देश दिया गया है।
समाजसेवी साहू विशाल गुप्ता, पुलपुल कुशवाहा आदि ने कहा कि जब तक विद्यालय परिसर से ट्रांसफार्मर और तार नहीं हटाए जाते, तब तक बच्चों की पढ़ाई किसी सुरक्षित स्थान पर कराई जानी चाहिए। बच्चों की सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होना चाहिए।
एक ही ठेकेदार के जिम्मे शिफ्टिंग का काम
सलेमपुर डिवीजन में 40 से अधिक परिषदीय विद्यालयों से हाईटेंशन तार और ट्रांसफार्मर हटाने का काम एक ही ठेकेदार को दिए जाने की बात सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, कमीशन के चक्कर में काम आवंटित किए जाने के आरोप हैं।हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh