Crime News / आपराधिक ख़बरे

युवक के अपहरण के मामले में पुलिस ने एक युवक को किया गिरफ्तार

देवरिया। महुआडीह पुलिस ने अपहरण के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को मऊ से गिरफ्तार कर लिया, जबकि अपहृत 23 वर्षीय युवक को पुलिस पहले ही गोरखपुर से सकुशल बरामद कर चुकी है। आरोपियों ने युवक को जबरन कार में बैठाकर ले जाने के बाद उसके परिचित से व्हाट्सऐप के जरिए 35 से 40 हजार की फिरौती मांगने का प्रयास किया था।
28 सितंबर को रामपुर दूबे निवासी विजयलक्ष्मी देवी ने पुलिस को बताया था कि उनका पुत्र आयुष सिंह बलटिकरा मुख्य मार्ग पर पंचर की दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान काले रंग की टाटा हैरियर सवार लोगों ने उसे जबरन वाहन में बैठाकर अगवा कर लिया। सूचना मिलते ही महुआडीह पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने 29 सितंबर को आयुष को गोरखपुर के पैडलेगंज चौराहे के पास से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ और विवेचना में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर अभिषेक चौहान की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार, वह अपहरण में शामिल अन्य लोगों को सहयोग करने के साथ ही व्हाट्सऐप के जरिए फिरौती मांगने में भी मदद कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी को एक अक्टूबर को मऊ के रानीपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है। घटना में प्रयुक्त टाटा हैरियर और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के संबंध में भी जांच चल रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh