हरियाणा में अजब-गजब केस : पतियों को छोड़ बच्चों संग लापता हुईं दो सहेलियां, आपस में शादी का दावा, रोमांटिक चैट आई सामने
• पलवल और गुरुग्राम से पतियों को छोड़कर 4 बच्चों के साथ फरार हुईं बचपन की दो दोस्त, लाखों के गहने व कैश भी गायब। व्हाट्सएप पर माई वाइफ और माई लव की चैट से मचा हड़कंप, पुलिस तलाश में जुटी।
हरियाणा में पतियों को छोड़ बच्चों के साथ लापता हुईं दो महिलाएं।
हरियाणा में दो महिलाएं अपने पतियों को छोड़कर कहीं चली गई हैं। फरीदाबाद के बल्लभगढ़ की लक्ष्मण कॉलोनी में साथ पली-बढ़ी और पढ़ी दो बचपन की सहेलियां अपने-अपने पतियों और ससुराल वालों को छोड़ कर संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई हैं। दोनों महिलाएं अपने साथ अपने चार मासूम बच्चों को भी ले गई हैं। पतियों का गंभीर आरोप है कि दोनों महिलाओं के बीच पिछले डेढ़ साल से समलैंगिक संबंध (अफेयर) चल रहा था और अब उन्होंने आपस में ही शादी कर ली है।
लाखों के सोने के जेवर और नकदी भी साथ ले गईं
मामला पलवल और गुरुग्राम जिले से जुड़ा है। पलवल निवासी सन्नी के अनुसार उसकी शादी वर्ष 2020 में बल्लभगढ़ की रहने वाली मंजू (25) से हुई थी, जिससे उनके दो बच्चे (4 साल का बेटा और 2 साल की बेटी) हैं। 21 अगस्त को मंजू अचानक दोनों बच्चों और घर में रखे करीब 4 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लेकर रफूचक्कर हो गई।
जब सन्नी ने पड़ताल शुरू की तो पता चला कि मंजू की सहेली रीणा भी गुरुग्राम के पटौदी स्थित मुमताजपुर गांव में अपने ससुराल से अपने दो छोटे बच्चों (1.5 साल का बेटा और 4 साल की बेटी) के साथ गायब है। रीणा के पति वेदपाल ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी भी घर से लगभग 5 लाख रुपये के गहने और नकदी बटोर कर ले गई है।
व्हाट्सएप चैट में खुला 'माई वाइफ' और 'माई लव' का राज
पतियों ने पुलिस के समक्ष दोनों सहेलियों के मोबाइल की कॉल डिटेल्स और सोशल मीडिया चैट प्रस्तुत की हैं। दोनों महिलाएं घंटों फोन पर बातें किया करती थीं। चैट में वे एक-दूसरे को ‘माई वाइफ’, ‘माई लव’ और ‘बाबू’ कहकर संबोधित करती थीं। 5 जून को जन्मदिन के मौके पर मंजू ने रीणा को मैसेज में "माई क्यूट वाइफ, हैप्पी बर्थडे... आई लव यू" जैसे कई प्यार भरे संदेश भेजे थे। शुरुआत में दोनों परिवारों ने इसे केवल बचपन की घनिष्ठ सहेलियों की सामान्य बातचीत समझा था।
पतियों ने बच्चों को सुरक्षित लौटाने की गुहार लगाई
पतियों ने साफ किया है कि दोनों महिलाओं को आपस में साथ रहने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन वे अपने मासूम बच्चों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं। उनकी एकमात्र मांग है कि बच्चों को सही-सलामत उनके सुपुर्द कर दिया जाए।
पलवल और गुरुग्राम पुलिस की संयुक्त जांच जारी
पलवल की भवनकुंड चौकी और गुरुग्राम के पटौदी थाने में दोनों महिलाओं की गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सर्विलांस और लोकेशन के आधार पर महिलाओं एवं बच्चों की तलाश तेज कर दी गई है। दोनों के सामने आने और उनके बयान दर्ज होने के बाद ही शादी की खबरों और वास्तविक स्थिति की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

























































Leave a comment