Crime News / आपराधिक ख़बरे

पुलिस मुठभेड़ में गोवंश वध का आरोपी गोली लगने से हुआ घायल पुलिस ने 24 घंटे में किया घटना का खुलासा, तमंचा-कारतूस व वध में प्रयुक्त चापड़-चाकू बरामद

आजमगढ़। जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र के सदरपुर (शाहपुर) गांव में कुँवर नदी के किनारे खेत में मिले प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। बुधवार की रात पुलिस की मुठभेड़ में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं, तीन अन्य आरोपी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर को कुँवर नदी के किनारे खेत में दो प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष मिले थे। पशु चिकित्साधिकारी ने मौके पर पहुंचकर अवशेषों का परीक्षण किया और आवश्यक नमूने सुरक्षित किए। मामले में थाना सरायमीर में अज्ञात के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। 9 सितंबर की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल कुछ आरोपी वध में प्रयुक्त हथियार लेकर सदरपुर (शाहपुर) से कादनपट्टी की ओर जा रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर चारों आरोपी भागने लगे। पीछा करने पर तीन आरोपी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि एक आरोपी को पुलिस ने घेर लिया। पुलिस का दावा है कि घिरने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। चेतावनी के बावजूद दोबारा फायरिंग का प्रयास करने पर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी की पहचान मो. साबिर पुत्र स्व. शकील, निवासी शाहपुर (सदरपुर), थाना सरायमीर के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 28 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही से 315 बोर का देशी तमंचा, एक फायरशुदा खोखा, एक जिंदा कारतूस, एक चापड़, दो चाकू और लकड़ी का गोलाकार ठीहा बरामद किया है। घटनास्थल से फील्ड यूनिट ने खूनआलूदा व सादी मिट्टी, हैंड स्वाब सहित अन्य फॉरेंसिक साक्ष्य भी एकत्र किए। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी सैफ, आजम उर्फ पप्पू और असजद के साथ मिलकर कुँवर नदी के किनारे खेत में गोवंश वध की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मुठभेड़ के संबंध में थाना सरायमीर में धारा 109(1) बीएनएस तथा आयुध अधिनियम की धाराओं 3/4/25/27 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh