मुखबिर की सूचना पर चंदौली पुलिस ने करोड़ों का सोना पकड़ा, बिहार से दिल्ली जा रही थी खेप गियर बॉक्स के नीचे छिपा था 2.565 किलो सोना
चंदौली। मुखबिर की सूचना पर चंदौली पुलिस और स्वाट/SOG टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिहार से दिल्ली ले जाई जा रही करोड़ों रुपये कीमत की सोने की खेप पकड़ी है। पुलिस के अनुसार सफेद रंग की KIA Carens कार के गियर बॉक्स के नीचे बनाए गए विशेष बॉक्स में छिपाकर 2 किलो 565.720 ग्राम पीली धातु ले जाई जा रही थी। बरामद पीली धातु की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने कार सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद सोने को नियमानुसार राजस्व आयसूचना विभाग को सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थाना चंदौली के प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वर पाण्डेय और स्वाट/SOG प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि KIA Carens कार संख्या HR22W2830 में दो व्यक्ति बिहार की तरफ से सोना लेकर दिल्ली की ओर जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने तत्काल हाईवे पर चेकिंग और निगरानी शुरू कर दी।
नवही पुलिया हाईवे पर घेराबंदी
मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नवही पुलिया हाईवे पर बिहार की ओर से आने वाले वाहनों की जांच शुरू की। वाहनों को रोककर चेक किया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए नंबर की सफेद रंग की KIA Carens कार बिहार की ओर से आती दिखाई दी।
पुलिस टीम ने कार को रुकने का इशारा किया। पुलिस के अनुसार चालक ने कार को साइड से निकालकर आगे भगाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए अन्य वाहनों की सहायता से कार को रोक लिया।
कार में सवार लोगों से पूछताछ की गई तो चालक ने अपना नाम जुबेर मुबारक शेख पुत्र मुबारक शेख, निवासी मसाला गली के पीछे, अहिल्या नगर, थाना शांगली, जिला शांगली, महाराष्ट्र बताया। वहीं चालक के बगल वाली सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम मनीष कुमार पुत्र पवन कुमार, निवासी मकान संख्या-248, लाट नंबर-6, लाजपत नगर, जिला फतेहाबाद, हरियाणा बताया।
गियर बॉक्स के नीचे मिला गुप्त बॉक्स
पुलिस के अनुसार कार को भगाने के प्रयास के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों व्यक्तियों ने कथित तौर पर बताया कि वाहन के गियर बॉक्स के नीचे विशेष बॉक्स बनाकर उसमें सोना छिपाकर रखा गया है। उनके अनुसार सोने को बिहार से दिल्ली ले जाया जा रहा था और पकड़े जाने के डर से चालक ने कार को आगे निकालने का प्रयास किया।
इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों की निशानदेही और सहयोग से गियर बॉक्स के नीचे बनाए गए बॉक्स को खुलवाकर जांच की। पुलिस के मुताबिक बॉक्स के अंदर कपड़े के लंबे बेल्ट में भूरे रंग के सेलो टेप से लपेटकर दो सिल्लियां रखी गई थीं। इनमें पीली धातु बरामद हुई, जिसे दोनों आरोपियों ने सोना बताया।
पुलिस का कहना है कि बरामद पीली धातु के संबंध में दोनों आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने बरामदगी की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी और संबंधित विभागों को सूचना भेजी।
2 किलो 565.720 ग्राम हुआ वजन
पुलिस के अनुसार बरामदगी के संबंध में आयकर विभाग और राजस्व आसूचना विभाग को सूचना दी गई। सूचना पर संबंधित विभाग के अधिकारी सरकारी वैल्यूअर/सुनार के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में बरामद पीली धातु के बंडल को खुलवाकर उसकी जांच और वजन कराया गया।
वजन में कुल 2 किलो 565.720 ग्राम पीली धातु मिली। संबंधित वैल्यूअर ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये बताई। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार आयकर विभाग ने प्रारंभिक तौर पर बरामद पीली धातु को विदेश में निर्मित सोना बताया है।
पांच मोबाइल फोन और कार भी बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सोने के अलावा पांच मोबाइल फोन और सफेद रंग की KIA Carens HR22W2830 भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद सोने के स्रोत, स्वामित्व और इसे बिहार से दिल्ली ले जाने के उद्देश्य समेत अन्य पहलुओं की जांच संबंधित विभागों द्वारा की जा रही है।
पुलिस कार्रवाई पूरी होने के बाद बरामद पीली धातु को नियमानुसार राजस्व आसूचना विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई
इस कार्रवाई में थाना चंदौली पुलिस की ओर से प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वर पाण्डेय, उपनिरीक्षक कन्हैया लाल मौर्या, कांस्टेबल अभिषेक तिवारी और कांस्टेबल अरुण मिश्रा शामिल रहे।
स्वाट/SOG टीम की ओर से प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव, मुख्य आरक्षी राणा प्रताप सिंह, अरविंद भारद्वाज, रामानंद यादव, आशुतोष सिंह और सतीश सिंह तथा आरक्षी अमित सिंह और महेश कुमार ने कार्रवाई में हिस्सा लिया।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर समय रहते की गई कार्रवाई के चलते करोड़ों रुपये कीमत की सोने की खेप को दिल्ली पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया गया। फिलहाल मामले की जांच संबंधित विभागों द्वारा की जा रही है। बरामद सोने की वैधता, उसके स्रोत और परिवहन से जुड़े पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

























































Leave a comment