प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली रमावती देवी की जिंदगी, कच्चे मकान से पक्के घर तक पहुंचा परिवार
देवरिया । विकासखंड गौरीबाजार की ग्राम पंचायत बखरा निवासी रमावती देवी प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वर्ष 2022-23 में आवास की लाभार्थी बनीं। आवास मिलने के साथ उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का भी लाभ मिला। इनमें एलपीजी कनेक्शन, विद्युत कनेक्शन, पेयजल सुविधा, मनरेगा जॉब कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड एवं व्यक्तिगत शौचालय शामिल हैं।
रमावती देवी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने से पहले वह अपने पति और बच्चों के साथ कच्चे मकान में रहती थीं। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने के कारण परिवार को काफी परेशानी होती थी। रात में ठीक से सोना भी मुश्किल हो जाता था। उनके पति दिहाड़ी मजदूरी करते हैं और रोज की कमाई से परिवार का भरण-पोषण ही मुश्किल से हो पाता था। ऐसे में पक्का मकान बनाना उनके लिए किसी सपने से कम नहीं था।
उन्होंने बताया कि जब उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में जानकारी मिली तो पक्के घर की उम्मीद जगी। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की योजना का लाभ मिलने के बाद आज उनका परिवार अपने पक्के मकान में सुखपूर्वक रह रहा है।
रमावती देवी ने कहा कि अब उनके बच्चों को पास के सरकारी विद्यालय में पढ़ने का अवसर मिल रहा है और परिवार का जीवन पहले की अपेक्षा बेहतर हुआ है। पक्का घर मिलने से परिवार में खुशी और सुरक्षा का भाव बढ़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
























































Leave a comment