अम्बेडकर पार्को के समग्र विकास हेतु जनसंवाद में उठी मांगें दिया ज्ञापन
देवरिया।20 अगस्त। बरहज के ग्राम बनकटिया, पोस्ट गौरा, तहसील बरहज स्थित डॉ. अम्बेडकर पार्क परिसर में गुरुवार को विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में “सविनय निवेदन बैठक, जनसंवाद एवं ज्ञापन कार्यक्रम” आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय, समानता, संविधान एवं डॉ. बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के विचारों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा पार्क के संरक्षण, बाउंड्रीवाल निर्माण, सौन्दर्यीकरण एवं समग्र विकास की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी बरहज के माध्यम से भेजा गया।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय समानता दल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष संजयदीप कुशवाहा ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर पार्क केवल एक सार्वजनिक स्थल नहीं बल्कि सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की प्रेरणा स्थली है। उन्होंने पार्क की भूमि का सीमांकन कर अतिक्रमण से मुक्त कराने, बाउंड्रीवाल निर्माण तथा आवश्यक विकास कार्यों को शीघ्र प्रारम्भ कराने की मांग की।
सपा अनुसूचित प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष हरेराम आर्या ने कहा कि बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ऐसे स्थलों का संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने पार्क को सामाजिक चेतना एवं जन-जागरूकता के केंद्र के रूप में विकसित किए जाने की आवश्यकता बताई।
महिला बहुजन संगठन के संस्थापक सुरेन्द्र बौद्ध ने कहा कि पार्क में प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, इंटरलॉकिंग मार्ग, पौधरोपण तथा नियमित साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, जिससे आमजन एवं युवाओं को बेहतर सार्वजनिक वातावरण उपलब्ध हो सके।
ज्ञापन में मांग की गई है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों से पार्क का स्थलीय निरीक्षण कराकर विस्तृत कार्ययोजना एवं आगणन तैयार कराया जाए तथा शासन स्तर से आवश्यक बजट स्वीकृत कर विकास कार्य शीघ्र प्रारम्भ कराया जाए। साथ ही पार्क के संरक्षण एवं रख-रखाव की स्थायी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि ग्राम बनकटिया स्थित डॉ. अम्बेडकर पार्क का समुचित विकास क्षेत्र के सामाजिक एवं सांस्कृतिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अंत में मुख्यमंत्री से जनहित में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।कार्यक्रम में देशराज यादव सचिव सपा देवरिया, अरविन्द कुशवाहा जिला सचिव सीपीआई, विनोद सिंह प्रदेश खेमका,सुरेन्द्र बौद्ध, मीना देवी, सुभावती, संध्या, सुनीता, उर्मिला, तुलसी, काल्पती, तेतरी देवी, राजकुमारी, ममता, गुड्डी, अनीता भारती, राजन, आदित्य, अशोक बौद्ध, ममता देवी, इत्यादि लोग उपस्थित रहें।
























































Leave a comment