ट्रेन की चपेट में आने से बीटेक छात्र की मौत
चन्दौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के उसरी गांव के समीप मंगलवार की सुबह रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से 25 वर्षीय बीटेक छात्र सिद्धार्थ शिव विद्यार्थी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दरियापुर गांव निवासी स्व. शिव प्रकाश के पुत्र सिद्धार्थ ने बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी और वर्तमान में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहा था। मंगलवार की सुबह वह बाइक से उसरी खेल मैदान में दौड़ लगाने के लिए घर से निकला था। बताया गया कि सिद्धार्थ ने अपनी बाइक रेलवे लाइन के किनारे खड़ी की और दौड़ लगाने के लिए खेल मैदान में चला गया। दौड़ लगाने के बाद वापस लौटते समय वह रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान डाउन लाइन पर आ रही ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सिद्धार्थ के काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन परेशान हो गए और उसकी तलाश करने लगे। इसी बीच पुलिस को घटना की जानकारी मिली। पुलिस ने मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। परिवार के लोगों को विश्वास नहीं हो रहा था कि जिस बेटे ने भविष्य के सपने संजोए थे, वह अचानक उन्हें छोड़कर चला गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। कोतवाल भूपेन्द्र निषाद ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


























































Leave a comment