नाग पंचमी पर गौरा में विराट दंगल, 72 जोड़ कुश्तियों में पहलवानों ने दिखाया दमखम
देवरिया।नगर पालिका गौरा बरहज के गौरा में नाग पंचमी के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विराट दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में कुल 72 जोड़ कुश्तियां हुईं, जिसमें दूर-दराज से आए पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में चार जोड़ महिला पहलवानों की कुश्ती आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। महिला पहलवानों के उत्साह और शानदार प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक जुटे।
दंगल का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष उमाशंकर सिंह तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व प्राचार्य प्रो. अजय कुमार मिश्र, भाजपा नेता एसएन सिंह, पंकज सिंह एवं प्रभुनारायण सिंह ने फीता काटकर किया। अतिथियों ने अखाड़े में उतरने वाले पहलवानों का हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि उमाशंकर सिंह ने कहा कि दंगल हमारी पारंपरिक खेल संस्कृति और ग्रामीण क्षेत्र की पहचान है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और शारीरिक क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि कुश्ती जैसे पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के आयोजन लगातार होते रहने चाहिए।
विशिष्ट अतिथि प्रो. अजय कुमार मिश्र ने कहा कि कुश्ती केवल शारीरिक शक्ति का खेल नहीं, बल्कि धैर्य, अनुशासन और आत्मविश्वास की भी परीक्षा है। उन्होंने महिला पहलवानों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और अखाड़े में उनका उतरना ग्रामीण समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश है।
भाजपा नेता एसएन सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच देने की है। वहीं पंकज सिंह और प्रभुनारायण सिंह ने भी पहलवानों का उत्साह बढ़ाते हुए आयोजन की सराहना की।
दंगल के दौरान पहलवानों के दांव-पेंच और रोमांचक मुकाबलों पर दर्शक लगातार तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन करते रहे। महिला पहलवानों के मुकाबले विशेष आकर्षण का केंद्र बने रहे।
इस दौरान गणेश सिंह, शनिराज सिंह, मधुप सिंह, दिनेश सिंह, गुड्डू सोनकर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, खेलप्रेमी और ग्रामीण मौजूद रहे।


























































Leave a comment