Latest News / ताज़ातरीन खबरें

श्रीनगर (सियरहां) में लाखों की चोरी से सनसनी, 15–16 लाख के जेवर और सवा लाख नकद ले उड़े चोर

आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के श्रीनगर (सियरहां) गांव में 20-21 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोर छत के रास्ते घर में घुसे और दो-तीन कमरों में रखे बक्सों की कुंडी तोड़कर करीब 15 से 16 लाख रुपये के जेवरात तथा लगभग सवा लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

पीड़ित विजय राय पुत्र स्वर्गीय भगवान राय ने बताया कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य एक कमरे में सो रहे थे, जिससे किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी। सुबह करीब 3:30 बजे जब वह वॉशरूम जाने के लिए उठे, तो घर के सभी दरवाजे खुले मिले और बक्सों का सामान तथा कपड़े पूरे घर में बिखरे पड़े थे। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिस पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही डायल-112 और बिलरियागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। बाद में चोरी किए गए जेवरों के खाली डिब्बे और बैग गांव के सिवान में संकठा राय के ट्यूबवेल के पास खेत में पड़े मिले।

पीड़ित की पत्नी महिमा राय ने बताया कि बेटे की शादी और पारिवारिक उपयोग के लिए वर्षों से जेवर बनवाकर रखे गए थे। चोरी हुए सामान में बड़े-छोटे झुमके, बालियां, सुई-धागा के दो सेट, तीन महिलाओं की अंगूठियां, एक पुरुष अंगूठी, मंगलसूत्र, चांदी का ब्रेसलेट, नथिया, मांगटीका, 10 जोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछिया समेत अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा घर में छत पर निर्माण कार्य के लिए रखे गए लगभग सवा लाख रुपये नकद भी चोर उठा ले गए। हैरानी की बात यह रही कि चोर फ्रिज में रखा मिठाई और अनार भी अपने साथ ले गए।

इसी रात चोरों ने गांव के ही राजेश राय पुत्र स्व. नरमुन राय के घर में भी चोरी का प्रयास किया। चोर छत पर चढ़कर सीढ़ी के दरवाजे का अकुड़ा कटर से काट रहे थे, तभी आवाज सुनकर गृहस्वामी सतर्क हो गए। आहट मिलते ही चोर दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गए। सतर्कता के चलते वहां चोरी की घटना टल गई।

पीड़ित की तहरीर पर बिलरियागंज थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh