आईजीआरएस प्रकरणों में लापरवाही पर पांच अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
देवरिया ।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण में गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का पालन न किए जाने पर पांच अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। इनमें एक खंड विकास अधिकारी, एक अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद तथा तीन सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) शामिल हैं।
आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण नहीं किया गया तथा शासन के निर्धारित प्रावधानों का समुचित अनुपालन भी नहीं किया गया। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आईजीआरएस प्रकरणों का समयबद्ध, तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं, उनमें खंड विकास अधिकारी गौरीबाजार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद देवरिया, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सलेमपुर, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सदर तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) बनकटा शामिल हैं। इन प्रकरणों में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने संबंधी शिकायत पर खंड विकास अधिकारी गौरीबाजार, समस्त वैध वारिसों के नाम दर्ज कराने एवं संबंधित नगर पालिका के विरुद्ध कार्रवाई संबंधी शिकायत पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद देवरिया, जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जाने में विलंब संबंधी शिकायत पर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सलेमपुर, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ संबंधी शिकायत पर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सदर तथा ग्राम पंचायत बनकटा जगदीश में वर्षा जल निकासी के मुख्य मार्ग की वर्षों से सफाई न कराए जाने संबंधी शिकायत पर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) बनकटा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।


























































Leave a comment