स्कूली वाहनों पर चलेगा ‘मिशन सेफ फ्यूचर’, फिटनेस-परमिट खत्म होने पर होगी सख्त कार्रवाई
•एक से 15 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान, स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से भी सुरक्षा मानकों का पालन कराने की अपील
सुलतानपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग एक जुलाई से 15 जुलाई तक जिले में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाएगा। ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ के तहत ऐसे स्कूली वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिनकी फिटनेस प्रमाण पत्र या परमिट की वैधता समाप्त हो चुकी है। अभियान का उद्देश्य जिले के सभी स्कूली वाहनों को शत-प्रतिशत वैध फिटनेस और परमिट के दायरे में लाना है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) ने बताया कि परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के 29 जून 2026 के निर्देशों के अनुपालन में यह विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि विद्यालय आने-जाने के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना अथवा असुविधा की आशंका को कम किया जा सके।
उन्होंने कहा कि जिले में ऐसे कई वाहन संचालित होने की आशंका रहती है, जिनकी फिटनेस या परमिट अवधि समाप्त हो चुकी होती है। ऐसे वाहनों का संचालन बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा अभियान के दौरान व्यापक जांच अभियान चलाया जाएगा।
परिवहन विभाग ने सभी स्कूली वाहन स्वामियों से अपील की है कि जिन वाहनों की फिटनेस या परमिट की अवधि समाप्त हो चुकी है, वे तत्काल नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी करा लें। ऐसा नहीं करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने जिले के सभी प्रधानाचार्यों और विद्यालय संचालकों को भी निर्देशित किया है कि वे अपने स्कूलों से जुड़े वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करें। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि विद्यालय से अनुबंधित अथवा संचालित सभी वाहन वैध फिटनेस प्रमाण पत्र और परमिट के साथ ही संचालित हों। संबंधित वाहन स्वामियों को समयबद्ध तरीके से नवीनीकरण कराने के लिए निर्देशित करने को भी कहा गया है।
इसके अलावा अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को केवल उन्हीं स्कूली वाहनों से विद्यालय भेजें, जिनके सभी जरूरी दस्तावेज वैध हों। विभाग का कहना है कि ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ का उद्देश्य सुरक्षित, मानक और कानूनी रूप से वैध स्कूली परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना है।



























































Leave a comment