Latest News / ताज़ातरीन खबरें

विवाह का विरोध करने पर दो भाइयों ने खाया जहरीला पदार्थ, एक की मौत

देवरिया।पुराना बरहज में विवाह की बात को लेकर हुए विवाद में दो सगे भाइयों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरे का मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में उपचार चल रहा है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार पुराना बरहज निवासी पांच भाइयों में तीसरे नंबर के विष्णु गोस्वामी की शादी की बात बिंदही में और चौथे नंबर के महेश गोस्वामी की शादी की बात विजयपुर में चल रही थी। सबसे छोटे भाई केशव गोस्वामी (21) इसका विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर रविवार की रात घर में कहासुनी होने लगी। गुस्से में आकर विष्णु गोस्वामी और केशव गोस्वामी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। 
कुछ देर बाद दोनों की हालत बिगड़ने लगी। परिजन रात में ही दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहज ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख दोनों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में विष्णु की हालत में सुधार न होता देख चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं सबसे छोटा भाई केशव सोमवार सुबह अस्पताल से घर भाग कर चला आया। 
सोमवार दोपहर करीब 3 बजे केशव ने घर पर दोबारा जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन आनन-फानन में उसे सीएचसी बरहज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
चौथे नंबर के भाई महेश गोस्वामी ने बताया कि केशव विवाह का लगातार विरोध कर रहा था। रविवार रात विवाद के बाद दोनों भाइयों ने जहर खा लिया था। केशव के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
केशव की मौत से बड़े भाई दीपक गोस्वामी, कृष्णा गोस्वामी, महेश गोस्वामी और माता उमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में मातम पसरा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार जहर खाने से युवक की मौत हुई है।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस देवरिया भेज दिया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh