पुलिस पर अवैध वसूली का आरोप, शाम के समय बाजारों में ग्रामीणों को रोककर काटे जा रहे चालान । क्षेत्रवासियों और आम आदमी पार्टी पदाधिकारियों ने एसडीएम मंजुल मयंक को सौंपा ज्ञापन
कादीपुर (सुल्तानपुर)। तहसील क्षेत्र के अखंडनगर थाना क्षेत्र पौधन रामपुर और अलीपुर बाजार क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्रीय नागरिकों में नाराजगी बढ़ती दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों और आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी मंजुल मयंक को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि अखंड नगर पुलिस शाम के समय बाजार आने वाले ग्रामीणों को रोककर कथित रूप से अवैध वसूली कर रही है और भारी-भरकम चालान काटकर भय का माहौल बना रही है।
ज्ञापन में कहा गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों के किसान, मजदूर और आम लोग दिनभर काम करने के बाद शाम को घरेलू सामान और जरूरी खरीदारी के लिए बाजार पहुंचते हैं। इसी दौरान पुलिस द्वारा उन्हें चेकिंग के नाम पर रोका जाता है। आरोप है कि कई मामलों में लोगों से डराकर कथित रूप से धन उगाही की जाती है और विरोध करने वालों के खिलाफ भारी चालान की कार्रवाई की जाती है।
क्षेत्रवासियों ने दावा किया है कि इस कथित कार्रवाई के कारण पौधन रामपुर, अलीपुर और आसपास के गांवों में लोगों के बीच भय का माहौल बन गया है। ग्रामीण अब शाम के समय बाजार आने से भी हिचकिचाने लगे हैं। इसका असर स्थानीय छोटे व्यापारियों पर भी पड़ रहा है और उनके कारोबार में गिरावट आने की बात कही गई है।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही बाजारों में चेकिंग के नाम पर होने वाले कथित उत्पीड़न और अवैध वसूली पर रोक लगाने की भी मांग उठाई गई है।
ज्ञापन देने वालों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की जनता लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन और जन आंदोलन करने के लिए बाध्य हो सकती है।
इस दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता वंश राज दूबे ,जिला अध्यक्ष सुरेश चंद्र एडवोकेट समेत कई क्षेत्रीय पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे ।

























































Leave a comment